मात्र दस साल की उम्र और धर्म व आध्यात्म की गूढ़ बातें हैं। यह हैं अभिनव अरोड़ा जो खुद को भगवान कृष्ण का भक्त बताते हैं। अभिनव अरोड़ा इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हैं। पहले अपनी भक्ति को लेकर और अब खुद से जुड़े विवादों पर वह सुर्खियों में हैं। हाल ही में स्वामी रामभद्राचार्य ने उन्हें मूर्ख बालक कहा और मंच से उतारने का आदेश दे दिया। अभिनव रामभद्राचार्य के मंच पर भक्तिभाव में नृत्य कर रहे थे और गा रहे थे। इसके बाद से उनका नाम काफी ज्यादा चर्चा में है। इतना ही नहीं, अभिनव की मां ज्योति अरोड़ा ने दावा किया है लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने उनके बेटे को जान से मारने की धमकी दी है।
10 साल के अभिनव अरोड़ा दिल्ली के रहने वाले हैं। उनके पिता का नाम तरुण राज अरोड़ा है। तरुण राज अरोड़ा एक बिजनेसमैन और टेडएक्स स्पीकर हैं। अभिनव का दावा है कि मात्र तीन साल की उम्र में ही उन्हें आध्यात्मिक ज्ञान की प्राप्ति हो गई थी। वह खुद को भगवान श्रीकृष्ण का बड़ा भाई बताते हैं। कई पॉडकास्ट्स में उन्होंने दावा किया कि वह भगवान कृष्ण को अपने छोटे भाई के रूप में पूजते हैं। अभिनव के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हैं जो अलग-अलग हिंदू त्योहारों के मौके पर बनाए गए हैं। कभी अभिनव भगवान गणेश का विजर्सन करते हुए अत्यंत भावुक होकर आंसू बहा रहे हैं तो कभी कृष्ण की जन्मभूमि में नृत्य कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर अभिनव अरोड़ा की काफी फैन फॉलोविंग है। यूट्यूब पर उनका अभिनव अरोड़ा ऑफिशियल नाम से चैनल है, जिस पर 1.47 लाख फॉलोवर्स हैं। वहीं, इंस्टाग्राम पर अभिनव को 9.5 लाख लोग फॉलो करते हैं। फेसबुक पर भी उनके 2 लाख 29 हजार फॉलोवर्स हैं। अपने विभिन्न वीडियो में अभिनव धर्म और आध्यात्म से जुड़ी बातें करते हैं। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी अभिनव को भारत का सबसे युवा आध्यात्मिक वक्ता बता चुके हैं। इसके तमाम लोग उन्हें प्यार से बाल संत और बलराम कहते हैं।
अभिनव अरोड़ा से कई पॉडकास्ट में यह सवाल पूछा गया। हालांकि उन्होंने अपने स्कूल का नाम नहीं बताया। उनका कहना था कि अगर वह अपने विद्यालय का नाम बता देंगे तो स्कूल मैनेजमेंट और स्कूल में पढ़ने वाले उनके साथियों को दिक्कत होगी। क्योंकि स्कूल का नाम जानने के बाद अभिनव के चाहने वाले वहां पर पहुंच सकते हैं। इतना ही नहीं, वह दावा करते हैं कि भगवान कृष्ण उनके साथ पढ़ते हैं और दोनों साथ में होमवर्क करते हैं। लेकिन अभिनव इतना जरूर कहाकि स्कूल में साथ पढ़ने वाले उनसे दूरी बनाकर रखते हैं। वजह, वह सभी का अभिवादन राधे-राधे और जय श्री कृष्णा करके कहते हैं।
अपने रूटीन के बारे में अभिनव अरोड़ा ने बताया कि वह सुबह तीन बजकर 30 मिनट पर उठ जाते हैं। इसके बाद आध्यात्मिक कार्यकलाप शुरू कर देते हैं। इसमें माला जाप और गृह पूजा शामिल होती है। 6.30 पर वह तुलसी पूजा परिक्रमा करते हैं और घर में बालगोपाल को भोग लगाते हैं।
अभिनव अरोड़ा की कहानी में ट्विस्ट आया ओनली देसी के दो वीडियोज सामने आने के बाद। इससे पहले कुछ लोग सोशल मीडिया पर अभिनव को ट्रोल करते थे। लेकिन ओनली देसी के वीडियोज आने के बाद चीजें बहुत तेजी से बदलीं। इन वीडियोज में अभिनव को लेकर कई चौंकाने वाले दावे किए गए। मसलन यूट्यूबर ने बताया कि उनके पिता तरुण का पहले आइसक्रीम का बिजनेस था। यह बिजनेस फ्लॉप होने के बाद उन्होंने अपने बेटे को धर्म के धंधे में उतार दिया। इतना ही नहीं, यह भी दावा किया गया कि अभिनव के जो भी इंटरव्यू होते हैं, उसकी स्क्रिप्ट उसके पिता ही तैयार करते हैं।
अभिनव के अभी तक के जीवन का सबसे बड़ा विवाद तब हुआ जब वो रामभद्राचार्य के मंच पर पहुंच गए। इसके वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुए, जिसमें रामभद्राचार्य अभिनव को मूर्ख बालक कह रहे हैं। वीडियो में नजर आ रहा है कि अभिनव अरोड़ा मंच पर पहुंचकर भक्ति गीत गा रहे हैं और नृत्य कर रहे हैं। इसके बाद रामभद्राचार्य उन्हें मंच से उतारे जाने का आदेश देते हैं। बाद में एक इंटरव्यू में रामभद्राचार्य ने कहाकि वह बहुत मूर्ख लड़का है। वह कहता है कि भगवान कृष्ण उसके साथ पढ़ते हैं। भगवान कृष्ण उसके साथ पढ़ेंगे? उसे सलीका तक नहीं पता है। हालांकि अभिनव का दावा है कि यह वीडियो करीब एक-डेढ़ साल पुराना है।