जम्मू कश्मीर और हरियाणा में किसकी बनेगी सरकार?

जम्मू कश्मीर और हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए मतदान खत्म होने के साथ ही आज सभी की निगाहें एग्जिट पोल पर टिकी हैं. हरियाणा में जहां बीजेपी तीसरी बार सत्ता पाने की जद्दोजहद में है तो वहीं जम्मू कश्मीर में कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेंस सत्ता की लड़ाई में गठबंधन में है. आज शाम 6 बजे दोनों राज्यों के चुनाव के एग्जिट पोल जारी किए जाएंगे.

हरियाणा राज्य में 90 सदस्यीय विधानसभा पर कब्जा जमाने की होड़ जोर-शोर से चल रही है. सत्तारूढ़ बीजेपी तीसरी बार सत्ता में आने की कोशिश कर रही है. 2014 और 2019 में सत्ता में आने के बाद, बीजेपी अब जीत की ‘हैट-ट्रिक’ की उम्मीद कर रही है.

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, जिन्होंने इस साल की शुरुआत में मनोहर लाल खट्टर की जगह ली थी, बीजेपी के अभियान का नेतृत्व कर रहे हैं. इन चुनावों में उनका राजनीतिक भविष्य भी दांव पर लगा हुआ है. हरियाणा विधानसभा चुनावों में प्रमुख चुनौती कांग्रेस दे रही है. भूपेंद्र सिंह हुड्डा दस साल सत्ता से बाहर रहने के बाद वापसी की कोशिश कर रहे हैं. हालांकि कांग्रेस ने मुख्यमंत्री चेहरा घोषित नहीं किया है. 

कांग्रेस के अनुभवी नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा गढ़ी सांपला-किलोई से चुनाव लड़ रहे हैं और वे सत्ता विरोधी लहर की उम्मीद में हैं. रेसलर से नेता बनीं विनेश फोगाट, कांग्रेस की तरफ से जुलाना से एक हाई-प्रोफाइल उम्मीदवार हैं.

जम्मू और कश्मीर के विधानसभा चुनाव को कई वजहों से ऐतिहासिक बताया जा रहा है.  यह 2019 में अनुच्छेद 370 के खत्म किए जाने के बाद पहला विधानसभा चुनाव है, और पहली बार, कई समुदायों जैसे पश्चिम पाकिस्तान शरणार्थियों, वाल्मीकि और गोरखा समुदायों को मतदान अधिकार दिए गए हैं.

जम्मू और कश्मीर के चुनाव तीन चरणों में आयोजित किए गए, जिसमें तीसरे और अंतिम चरण में 69.65 फीसदी मतदान दर्ज किया गया था. जम्मू क्षेत्र में, उधमपुर, कठुआ और सांबा जैसे जिलों में मतदान का प्रतिशत 70 से ज्यादा रहा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *