अभिनेता से राजनेता बनी खुशबू सुंदर ने बुधवार को फिर एकबार फिल्म इंडस्ट्री में महिला कलाकारों के उत्पीड़न पर बोला है। उन्होंने कहा कि हमारे फिल्म इंडस्ट्री में प्रचलित “MeToo” आपको तोड़ देता है। उन्होंने महिलाओं से समझौता न करने का आग्रह किया। उन्होंने न्यायमूर्ति हेमा समिति का भी जिक्र किया, जिसका गठन 2017 में किया गया था। समिति की 235 पन्नों की रिपोर्ट में मलयालम सिनेमा उद्योग में महिलाओं के उत्पीड़न और शोषण के मामलों का उल्लेख है।
उन्होंने कहा, “दुर्व्यवहार, सेक्स फेवर मांगना और महिलाओं से समझौता करने की अपेक्षा करना हर क्षेत्र में मौजूद है। एक महिला से अकेले ही क्यों इस तरह की परेशानियों से गुजरने की उम्मीद की जाती है? हालांकि पुरुषों को भी इसका सामना करना पड़ता है, लेकिन इसका खामियाजा महिलाओं को ही भुगतना पड़ता है।”
उन्होंने कहा कि शर्मिंदा होने का डर, पीड़ित को दोषी ठहराना और तुमने ऐसा क्यों किया? जैसे सवाल उसे तोड़ देते हैं। पीड़ित आपके या मेरे लिए अजनबी हो सकता है, लेकिन उसे हम सभी से समर्थन, सुनने के लिए कान और भावनात्मक समर्थन की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा, “जब यह पूछा जाता है कि वह पहले क्यों नहीं सामने आई तो हमें उसकी परिस्थितियों पर विचार करने की आवश्यकता है। हर किसी को बोलने का विशेषाधिकार नहीं है।”
खुशबू सुंदर ने कहा कि कुछ लोग उनसे पूछते हैं कि उन्हें अपने पिता के दुर्व्यवहार के बारे में बोलने में इतना समय क्यों लगा। उन्होंने कहा, “मैं मानती हूं कि मुझे पहले ही बोल देना चाहिए था। लेकिन मेरे साथ जो हुआ, वह मेरे करियर को बनाने के लिए कोई समझौता नहीं था। मुझे उस व्यक्ति के हाथों दुर्व्यवहार का सामना करना पड़ा जो मुझे गिरने पर सहारा देने के लिए सबसे मज़बूत हथियार मुहैया कराने वाला था।”
आपको बता दें कि खुशबू सुंदर राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य रही हैं। उन्होंने पिछले साल कहा था कि 8 साल की उम्र में उनके पिता ने उनका यौन शोषण किया था। उन्होंने पिछले साल एक टाउन हॉल में कहा था कि जब वह 15 साल की थीं, तब उन्होंने अपने पिता के खिलाफ विद्रोह करना शुरू कर दिया था।
खुशबू सुंदर ने बुधवार को बात करते हुए कहा कि महिलाओं को खड़ा होना चाहिए, सामने आना चाहिए और अपनी बात रखनी चाहिए। यह पूछे जाने पर कि क्या उन्हें ऐसी किसी घटना का सामना करना पड़ा, उन्होंने कहा कि जब वह दक्षिण भारतीय सिनेमा में आई थीं तब उनके साथ ऐसी घटना हुई थी।
उन्होंने कहा, “एक निर्माता ने मुझसे संपर्क किया। मैं यहां इंडस्ट्री में अकेली थी। मेरा कोई गॉडफादर नहीं था। इसलिए शायद इस निर्माता ने सोचा होगा कि मैं दबाव में आ जाऊंगी। जब मैं एक तेलुगु फिल्म की शूटिंग कर रही थी, तब वह मेरे मेकअप रूम में आया और उसने मुझे एक तरह का संकेत दिया। मैंने अपनी चप्पल उतारी और उससे कहा कि मैं 41 (साइज़) पहनती हूं। क्या तुम यहीं पर मार खाना चाहते हो या तुम चाहते हो कि मैं तुम्हें यूनिट के सामने मारूं? इस तरह वह अपनी जगह पर आ गया।”
उसने यह भी कहा कि न केवल महिलाओं को, बल्कि पुरुषों को भी आगे आकर उनका समर्थन करना चाहिए। उन्होंने कहा, “हम महिलाएं ऐसे माहौल में काम करते हैं, जहां हमें लगता है कि शायद हमारे आस-पास के पुरुष हमारा समर्थन करेंगे और हमारी रक्षा करेंगे। दुर्भाग्य से ऐसा कई बार नहीं होता है।”