‘पॉल्यूशन फ्री दीपावाली’ लिखकर 5 बार गोलियां चलाने पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। महिला डॉक्टर ने दिवाली की रात को लाइसेंसी पिस्टल से हवाई फायर किया था। गोलियां दागने का वीडियो इंस्टाग्राम में वायरल होने के बाद पुलिस ने महिला डॉक्टर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह मामला उधमिसंहनगर जिले के रुद्रपुर में सामने आया है। एक बड़े कारोबारी की पत्नी और महिला डॉक्टर की सोशल मीडिया पर लाइसेंसी पिस्टल से हवाई फायर करने की वीडियो वायरल हो रही है। सोमवार को रुद्रपुर कोतवाल ने तहरीर देकर आरोपी महिला डेंटिस्ट पर केस दर्ज कराया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
रुद्रपुर कोतवाल मनोज रतूड़ी ने सीसीटीएनएस कार्यालय में दी तहरीर में कहा कि सोशल मीडिया इन्स्टाग्राम पर एक वीडियो वायरल हो रही है। इसमें एक महिला लाइसेंसी पिस्टल से हवा में फायर करती दिख रही है।
जांच में सामने आया कि महिला एलाइंस कालोनी निवासी आंचल ढींगरा पत्नी अभिमन्यु है। आंचल ढींगरा डॉक्टर हैं। वह डेंटिस्ट हैं। आरोप है कि उन्होंने दीपावली की रात 31 अक्तूबर को लाइसेंसी पिस्टल से करतारपुर फार्म हाऊस थाना गदरपुर में फायरिंग की है।
इसकी वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रही है। वहीं कोतवाल मनोज रतूड़ी ने बताया कि मामले में संज्ञान लेते हुए आरोपी महिला के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
31 अक्तूबर को दीपावली में दिन महिला डॉक्टर ने अपनी इंस्टाग्राम आईडी से एक वीडियो पोस्ट की। यह वायरल हो गई। इस वीडियो में महिला एक काली रंग की थार कार के पास खड़ी होकर पिस्टल से पांच राउंड हवाई फायर करती दिख रही है। इस पोस्ट में ‘पॉल्यूशन फ्री दीपावाली’ भी लिखा गया था। वहीं एक गाना भी लगा रखा था।
सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो या वीडियो अपलोड करना गैरकानूनी है। इस सभी गतिविधियों पर पुलिस विशेष नजर रखती है। ऐसा पाये जाने पर आरोपियों पर कानूनी कार्रवाई की जाती है।