पौधा तोड़ने की तालिबानी सजा, महिला ने बच्चे को जंजीर से बांधकर पीटा

बेगूसराय में छोटा सा पौधा तोड़ने को लेकर एक 14 वर्षीय नाबालिग की खंभे से बांधकर बेरहमी से पिटाई कर दी गई. घटना के बाद आरोपी महिला और उसके परिजन फरार हैं. इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है. इसमें बच्चा अपने परिजनों के पास बेहोशी की हालत में घटनास्थल पर दिखाई दे रहा है और उसके पैर में जंजीर बंधा हुआ है.

 पूरा मामला बखरी थाना क्षेत्र के सोनमा पंचायत की है. इस वीडियो के सामने आते ही एसपी मनीष ने पूरे मामले का संज्ञान लिया. इसके बाद बखरी थाने में पिटाई करने वाली दबंग महिला और उसके बच्चों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है.


बताया जाता है कि शनिवार को सोनमा गांव में महोगनी का एक पौधा तोड़ने के आरोप में 14 वर्षीय एक बच्चे को अर्जुन पाल की पत्नी सुमित्रा देवी ने पकड़ लिया और अपने बेटे और बेटियों के साथ मिलकर लड़के के पैर में जंजीर बांधकर ताला लगा दिया और हाथ पीछे कर खंभे में बांधकर पिटाई कर दी


बच्चे की पिटाई की सूचना मिलते ही बच्चे के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और किसी तरह महिला के चंगुल से बच्चे को छुड़ाया. गंभीर रूप से घायल बच्चे का पीएचसी बखरी में इलाज कराया गया. गंभीर रूप से पिटाई के कारण बच्चा बार-बार बेहोश हो जा रहा था. बताया जाता है कि सुमित्रा देवी दबंग महिला है और आसपास के लोगों को हमेशा डरा धमका कर रखती है.


इस संबंध में एसपी मनीष ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि महोगनी का पौधा तोड़ने के आरोप में 14 साल के बच्चे को जंजीर से बांध कर पिटाई की गई है. इस मामले में बखरी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपी महिला और उसके दो बच्चों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है. हालांकि घटना के बाद से आरोपी का पूरा परिवार फरार है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *