उत्तर बस्तर कांकेर / छत्तीसगढ़ शासन समाज कल्याण विभाग के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर श्री निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर के मार्गदर्शन में समाज कल्याण विभाग कांकेर द्वारा उभयलिंगी समुदाय के व्यक्तियों के पुनर्वास एवं अधिकारों के संरक्षण विषय पर यहां कार्यशाला सह सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं सम्मान समारोह का आयोजन आज कंपोजिट बिल्डिंग, कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक कांकेर श्री आशाराम नेताम ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि उभयलिंगी समुदाय समाज का अभिन्न अंग है और सब का साथ, सब का विकास’ सरकार की मूल भावना है। उन्होंने उभयलिंगी समुदाय के लिए शहर के मध्य में कार्यालय एवं आवश्यक कार्यों के लिए भवन उपलब्ध कराने की मांग पर शीघ्र कार्यवाही का आश्वासन दिया। छत्तीसगढ़ मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष श्री भरत मटियारा ने भी उभयलिंगी समुदाय के शासन के द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी देते हुए उनके कल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासो की सराहना की। नगर पालिका परिसद कांकेर के अध्यक्षी अरुण कौशिक ने इस आयोजन के लिए बधाई देते हुए उभयलिंगी समुदाय के सहयोग का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम में दृष्टि एवं श्रवण बाधित बच्चों के विशेष विद्यालय द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुति भी दी गई।
अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री स्टेला ने विभिन्न विभागीय योजनाओं के अंतर्गत उभयलिंगी समुदाय के लिए संचालित योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी साझा की। कार्यशाला में उपसंचालक समाज कल्याण विभाग द्वारा कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला गया। पुलिस विभाग से डीएसपी सुश्री विंकेश्वरी पिंदे ने उभयलिंगी समुदाय की समस्याओं को सुना एवं उनके समाधान के लिए महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। उच्च शिक्षा विभाग से मनोवैज्ञानिक श्रीमती अलका ने उभयलिंगी समुदाय के व्यक्तियों की मानसिक स्थिति एवं काउंसलिंग पर विस्तार से जानकारी दी। विधिक सेवा प्राधिकरण की स्वयंसेवी सुश्री वर्षा पोया ने उभयलिंगी व्यक्तियों को प्राप्त विधिक अधिकारों एवं सुविधाओं पर प्रकाश डाला। कार्यशाला के दौरान उभयलिंगी समुदाय के सदस्यों ने भी अपनी समस्याएं एवं अनुभव साझा किए साथ ही उनके द्वारा इस आयोजन के लिए छत्तीसगढ़ शासन एवं समाज कल्याण विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया गया। कार्यशाला में उभयलिंगी समुदाय के 08 बस्तर फाइटर एवं 02 पुलिस सेवा में चयनित व्यक्तियों को रोल मॉडल के रूप में शाल, श्रीफल एवं सम्मान चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। इस अवसर पर नगर पालिका के उपाध्यक्ष श्री उत्तम यादव, समाज कल्याण विभाग सहित शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, जिला पंचायत, उद्योग विभाग, समाजसेवी संस्था के संस्थापक लक्ष्मी सहारे सहित अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।