सिक्किम में शहीद हुए मध्यप्रदेश के कटनी जिले के जवान प्रदीप पटेल को आज मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
सिक्किम के पाक्योंग में सेना के वाहन की दुर्घटना में शहीद स्वर्गीय पटेल का पार्थिव शरीर सुबह खजुराहो पहुंचा। खजुराहो में डॉ यादव ने शहीद को नमन किया।
यहां से पार्थिव देह को जवान के पैतृक गांव कटनी जिले के विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के हरदुआ गांव ले जाया जाएगा, जहां उनका पूरे राजकीय सम्मान से अंतिम संस्कार किया जाएगा।
इसी बीच भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा भी शहीद के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। श्री शर्मा उमरिया के रास्ते कटनी जिले स्थित हरदुआ गांव पहुंचेंगे और शहीद की अंतिम यात्रा में शामिल होंगे।