येलो अलर्ट जारी: छत्तीसगढ़ के 11 जिलों में तेज हवाओं के साथ होगी बारिश, रहें सावधान

रायपुर, छत्तीसगढ़ में मॉनसून की एंट्री के बाद भी बारिश पर ब्रेक लग गया है। सिस्टम नहीं बनने के कारण कुछ दिनों से हल्की से मध्यम बूंदाबांदी हो रही है। मॉनसून के आगे बढ़ने की अनुकूल परिस्थितयां भी नहीं बन रही हैं, जिसके कारण दक्षिण-पश्चिम मॉनसून बस्तर संभाग में ही अटका हुआ है। इधर मौसम विभाग ने 11 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। यहां तेज हवा के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। मध्य छत्तीसगढ़ में सप्ताहभर से अच्छी बारिश नहीं होने से अधिकतम तापमान में इजाफा हुआ है। अधिकतम तापमान फिर बढ़ने लगा है। रायपुर, दुर्ग-भिलाई, बिलासपुर में तेज धूप का एहसास भी हो रहा है।

रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र ने सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, रायगढ़, जशपुर, सुरगुजा, बलरामपुर जिले के येलो अलर्ट जारी किया है। यहां बारिश के साथ गरज और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। हवा की रफ्तार 40 से 50 किमी प्रतिघंटे हो सकती है। मध्य छत्तीसगढ़ यानी रायपुर, दुर्ग-भिलाई, राजनांदगांव, बालोद, बेमेतरा, खैरागढ़-गंडई, बिलासपुर में मौसम साफ रहने से तेज धूप पड़ रही है। गर्मी और उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया है। रायपुर में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

इस सिस्टम की वजह से हो रही बारिश

सिनॉप्टिक सिस्टम मॉनसून की उत्तरी सीमा मुंबई, अहिल्यानगर, आदिलाबाद, भवानीपटना, पुरी, सैंडहेड द्वीप बालुरघाट से होकर गुजर रही है। दक्षिण छत्तीसगढ़ से लेकर आंतरिक ओडिशा, झारखंड और समीपवर्ती दक्षिण बिहार, पश्चिम बंगाल के उत्तरी भागों से होते हुए उत्तर-पूर्व बांग्लादेश तक समुद्र तल से 1.5 किमी ऊपर एक द्रोणिका बनी हुई है। झारखंड और उससे सटे दक्षिण बिहार पर समुद्र तल से 1.5 किमी ऊपर बना ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण उपरी द्रोणिका के साथ विलीन हो गया है।इसके प्रभाव से प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा मेघगर्जन के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल भी चल सकती है।

दुर्ग जिला सबसे ज्यादा गर्म, कोरिया ठंडा

छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं के साथ गरज-चमक की भी संभावना बनी हुई है। पिछले 24 घंटों के दौरान गरियाबंद, धमतरी, कांकेर, बालोद, रायपुर, बलादौबाजार-भाटापारा, बिलाईगढ़-सारंगढ़, जांजगीर-चांपा, सक्ती, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, सूरजपुर, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में हल्की बारिश हुई है। वहीं महासमुंद और बस्तर जिले में मध्यम बारिश रिकॉर्ड किया गया है। बस्तर में सबसे ज्यादा 21.7 मिमी बारिश हुई है। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में और सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.3 डिग्री सेल्सियस कोरिया, 22.4 डिग्री सरगुजा में रिकॉर्ड किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *