‘हां गलती हुई’, बेंगलुरु भगदड़ पर प्रियांक खड़गे ने स्वीकारी चूक, कहा- भाजपा कर रही राजनीति…मंशा ठीक नहीं

बेंगलुरु: आरसीबी के विक्ट्री सेलिब्रेशन के दौरान एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हुई भगदड़ को लेकर पुलिस ने FIR दर्ज कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में किसी को आरोपी नहीं बनाया है। घटना की जांच के लिए पहले ही सीएम सिद्दारमैया ने आदेश दे दिए हैं। मुख्यमंत्री ने घटना को प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसे सुरक्षा में चूक माना है। घटना को लेकर सियासी माहौल गर्म है, लोग कर्नाटक की कांग्रेस सरकार और RCB फ्रेंचाइजी पर निशाना साध रहे हैं। साथ ही विराट कोहली की भी आलोचना हो रही है।

वहीं कर्नाटक सरकार में मंत्री व कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पुत्र प्रियांक खड़गे की घटना पर प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने गलती स्वीकार की है। खड़गे ने कहा कि चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हुई भगदड़, जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई। इसे बेहतर प्रबंधन के साथ रोका जा सकता था।

हां गलती हुई है: प्रियांक खड़गे

पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रियांक खड़गे ने कहा, “हां, एक गलती हुई है। बेहतर योजना और समन्वय से इसे टाला जा सकता था। चिन्नास्वामी 35,000 दर्शकों की क्षमता वाला स्टेडियम, लेकिन 2-3 लाख लोग सड़कों पर उमड़ पड़े। हालांकि हमने अपनी तरफ से पूरी कोशिश की, लेकिन हम भीड़ को नियंत्रित करने में असमर्थ रहे।” उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने घटना की जिम्मेदारी ली है और आश्वासन दिया है कि सुधारात्मक उपाय लागू किए जाएंगे।

खड़गे ने भाजपा पर इस त्रासदी का राजनीतिकरण करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा हर चीज का राजनीतिकरण करना पसंद करती है। इसी भाजपा को जब बताया गया कि इतने कम समय में खुली बस में विजय परेड करना संभव नहीं था, क्योंकि व्यवस्था करने के लिए समय नहीं था तो उन्होंने कहा कि हम टीम का अपमान कर रहे हैं। खड़गे ने भाजपा ने अब वह पोस्ट सोशल मीडिया से हटा दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा को हर चीज पर राजनीति करना है, इनकी मंशा ठीक नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *