जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव 2024 के नतीजे आने लगे हैं। इस बीच नेशनल कॉन्फ्रेंस के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने एग्जिट पोल को व्यर्थ बताते हुए अपनी बातों को फिर से दोहराया है। अब्दुल्ला ने कहा कि यदि कोई एग्जिट पोल पर चर्चा कर रहा है तो वह अपना समय बर्बाद करता है। ऐसा करके उसे तिरस्कार का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “यदि आप एग्जिट पोल के लिए पैसे देते हैं या उन पर चर्चा करने में समय बर्बाद करते हैं, तो आप सभी मजाकों/मीम्स/तिरस्कार के लायक हैं। मैंने कुछ दिन पहले इन्हें व्यर्थ कहा था।”
इस बीच उमर अब्दुल्ला ने जम्मू-कश्मीर में बडगाम विधानसभा सीट से जीत हासिल की और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) के आगा सैय्यद मुंतजिर मेहदी को 18,000 से अधिक वोटों के अंतर से हराया। अपने परिवार के गढ़ गांदरबल से भी आगे चल रहे अब्दुल्ला ने बडगाम में 36,010 वोट हासिल किए जबकि मेहदी को 17,525 वोट मिले।
उमर अब्दुल्ला ने 2014 में भी दो सीटों श्रीनगर में सोनवार और बडगाम जिले में बीरवाह से चुनाव लड़ा था। उन्होंने बीरवाह सीट से जीत हासिल की थी। अब्दुल्ला उत्तर कश्मीर में बारामूला लोकसभा सीट से 2024 का लोकसभा चुनाव हार गए थे। उन्हें निर्दलीय प्रत्याशी शेख अब्दुल रशीद उर्फ इंजीनियर रशीद ने हराया था जो उस समय आतंकवाद के वित्त पोषण के आरोपों में तिहाड़ जेल में बंद थे। रशीद अभी जमानत पर हैं।
वहीं नेशनल कॉन्फ्रेंस प्रमुख फारूक अब्दुल्ला ने मंगलवार को दावा किया किया कि उनके बेटे एवं पार्टी उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला जम्मू-कश्मीर के अगले मुख्यमंत्री होंगे। नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष ने अपने आवास पर संवाददाताओं से कहा, “उमर अब्दुल्ला जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री होंगे। लोगों ने अपना फैसला दे दिया है और साबित कर दिया है कि केंद्र सरकार ने पांच अगस्त 2019 को जो किया वह उन्हें स्वीकार्य नहीं था।”
उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा, “लोगों की कठिनाइयों को दूर करने के लिए और ज्यादा काम करने की आवश्यकता है जिसमें बेरोजगारी, महंगाई और युवाओं में मादक पदार्थों की समस्या का समाधान करना शामिल है।”
यह पूछे जाने पर कि क्या जम्मू-कश्मीर में राजनीतिक स्थिति अब बदलेगी, उन्होंने कहा, “बिल्कुल… केवल एक उपराज्यपाल और उनके चार सलाहकार नहीं होंगे… विधानसभा के 90 सदस्य अब जम्मू-कश्मीर के लोगों की शिकायतों का समाधान करेंगे। हम सभी के शुक्रगुजार हैं, लोगों ने स्वतंत्र रूप से और मुक्त होकर चुनाव में हिस्सा लिया और फैसला हमारे सामने है।” इस बीच, नेशनल कांफ्रेंस के कार्यकर्ताओं ने चुनाव में पार्टी की जीत का जश्न मनाया और पार्टी अध्यक्ष के आवास पर मिठाइयां बांटी।