रायपुर . रायपुर में 5 जनवरी को अग्रहरि वैश्य समाज एवं रायपुर अग्रहरि समाज के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय स्तर का परिचय सम्मेलन आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, महाराष्ट्र, उड़ीसा, बिहार, झारखंड, तमिलनाडु समेत कई राज्यों के प्रतिनिधियों और युवाओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत महाराजा अग्रसेन के छायाचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन से हुई। मुख्य अतिथि अग्रहरि वैश्य समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उद्योगपति विदुप अग्रहरि और राष्ट्रीय पदाधिकारियों ने समाज की एकता और विकास की आवश्यकता पर जोर दिया। महिला मंडल ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर समां बांध दिया।
सम्मेलन में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी भी शामिल हुए। इस मौके पर सांसद, विधायक और विभिन्न अतिथियों ने समाज को प्रगति की दिशा में कार्यरत रहने की प्रेरणा दी। सांसद बृजमोहन ने समाज भवन के लिए 25 लाख रुपये की सांसद निधि देने की घोषणा की। वहीं, अन्य विधायकों ने भी समाज के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विवाह योग्य युवक-युवतियों का परिचय रहा, जिन्होंने मंच पर आकर अपने परिचय दिए। इस पहल ने विवाह के योग्य जीवनसाथी तलाशने की प्रक्रिया को सरल और संगठित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
राष्ट्रीय अध्यक्ष विदुप अग्रहरि ने कहा कि समाज में बदलाव की आवश्यकता है और इसे संगठित रहकर ही प्राप्त किया जा सकता है। इस आयोजन ने समाज में नई ऊर्जा और आपसी एकता को प्रोत्साहन दिया।
समारोह में समाज के युवाओं और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी ने इसे यादगार बना दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने भविष्य में इस प्रकार के आयोजनों को और बेहतर बनाने का संकल्प लिया।