पखांजूर/महाराष्ट्र सीमा: महाराष्ट्र के इरपानार क्षेत्र स्थित बांडा नदी में पिकनिक मनाने गए दो स्कूली छात्रों की डूबने से मौत का मामला सामने आया है। घटना के 19 घंटे बाद रेस्क्यू टीमों ने दोनों छात्रों के शव बरामद कर लिए हैं। इस दर्दनाक हादसे के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
क्या था पूरा घटनाक्रम?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुछ छात्र बांडा नदी के पास पिकनिक मनाने पहुंचे थे, इसी दौरान नहाते समय दो छात्र गहरे पानी में चले गए और डूब गए। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम को तुरंत राहत एवं बचाव कार्य में लगाया गया। लगातार सर्च ऑपरेशन के बाद दोनों के शव बरामद कर लिए गए।
19 घंटे बाद मिला पहला शव
घटना के करीब 19 घंटे की लंबी तलाश के बाद रेस्क्यू टीम ने पहले छात्र 15 वर्षीय अभिजीत विश्वास का शव नदी से ढूंढ निकाला। अभिजीत कक्षा 10वीं का छात्र था और वह ग्राम पंचायत ओरछा के पी.व्ही.-109 का रहने वाला था, उसके पिता का नाम अशोक विश्वास है।
शाम को मिला दूसरे छात्र साहिल का शव
शुक्रवार की शाम करीब 5 बजे दूसरे छात्र 15 वर्षीय साहिल बर्मन (निवासी पी.व्ही.-105, पिता सुजीत बर्मन) का शव भी बरामद कर लिया गया। सुबह से ही एसडीआरएफ और महाराष्ट्र की रेस्क्यू टीम साहिल की तलाश में जुटी हुई थी। जैसे ही पानी में शव ऊपर दिखाई दिया, टीम ने तुरंत उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जनप्रतिनिधियों ने लिया जायजा, परिजनों को बंधाया ढांढस
इस दुखद हादसे की खबर मिलते ही प्रशासनिक अमले के साथ-साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि भी घटनास्थल पर पहुंचे:
- अंतागढ़ विधायक विक्रम उसेंडी ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान का जायजा लिया और शोक संतप्त परिजनों से मिलकर गहरी संवेदना व्यक्त की।
- सांसद भोजराज नाग भी घटनास्थल पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी की। उनके साथ बांदे मंडल अध्यक्ष सुनीता मंडल, पखांजूर मंडल अध्यक्ष दीपंकर राय, नगर पंचायत उपाध्यक्ष शंकर सरकार, युवा मोर्चा अध्यक्ष मिथुन गाइन और प्रकाश साह समेत कई लोग मौजूद रहे।
सांसद भोजराज नाग ने कठिन परिस्थितियों में दिन-रात मेहनत कर ऑपरेशन को अंजाम देने वाली महाराष्ट्र की रेस्क्यू टीम और सभी सहयोगी दलों का आभार जताया। हादसे के बाद से घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। दोनों छात्रों के शव मिलने के बाद से उनके घरों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।