छग कांग्रेस के नए प्रभारी सुखदेव भगत का तीखा हमला: बोले- ‘ज्ञानेश कुमार ने चुनाव आयोग को बना दिया सरकारी विभाग, केंद्र जारी करे श्वेत पत्र’

रायपुर: छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नवनियुक्त प्रभारी सुखदेव भगत पहली बार राज्य के दौरे पर पहुंचे हैं। रायपुर में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार और चुनाव आयोग पर तीखे हमले किए। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा कि चुनाव आयोग को एक ‘सरकारी विभाग’ बनाकर रख दिया गया है, जिस पर केंद्र सरकार को श्वेत पत्र (White Paper) जारी करना चाहिए।

‘जय जोहार’ के साथ किया संवाद, सीएम साय पर साधा निशाना

पत्रकार वार्ता की शुरुआत ‘जय जोहार! छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ के नारे के साथ करते हुए सुखदेव भगत ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा,

“मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आदिवासी हैं, लेकिन उनकी आत्मा कॉर्पोरेट घरानों की तरह काम कर रही है।”

उन्होंने स्पष्ट किया कि साल 2028 में सिर्फ कांग्रेस पार्टी की सत्ता में वापसी करना ही उनका एकमात्र लक्ष्य नहीं है, बल्कि वे महात्मा गांधी की विचारधारा को साथ लेकर जनता के बीच सरकार चलाना चाहते हैं।

‘एक पेड़ मां के नाम, बाकी जंगल अडानी के नाम’

छत्तीसगढ़ के प्राकृतिक संसाधनों और जंगलों को लेकर सुखदेव भगत ने केंद्र और राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने पीएम मोदी के अभियान पर तंज कसते हुए कहा कि प्रधानमंत्री कहते हैं— ‘एक पेड़ मां के नाम, बाकी जंगल अडानी के नाम’।

उन्होंने सवाल उठाया कि छत्तीसगढ़ अपनी खनिज संपदा के लिए दुनियाभर में जाना जाता है, तो क्या विकास के नाम पर यहां के स्थानीय लोगों का विस्थापन कर दिया जाएगा? स्थानीय आदिवासियों और जनता के विकास के नाम पर विनाश का खेल खेला जा रहा है, जिसे कांग्रेस बर्दाश्त नहीं करेगी।

प्रदेश में कानून व्यवस्था और रेत खनन पर उठाए सवाल

राज्य की कानून-व्यवस्था (Law and Order) पर निशाना साधते हुए कांग्रेस प्रभारी ने कहा कि पूरे प्रदेश में कानून व्यवस्था चरमरा गई है। रेत खनन में धड़ल्ले से कमीशनखोरी चल रही है।

उन्होंने कहा कि जंगल और जमीन छत्तीसगढ़ के मूल निवासियों की है, तो फिर यहां के लोगों को केवल विस्थापन और दर्द क्यों मिल रहा है? आदिवासियों का जंगलों के साथ गहरा और भावनात्मक रिश्ता है, लेकिन मौजूदा सरकार लोगों की जड़ों को काटने का काम कर रही है। हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि कांग्रेस पार्टी किसी भी विकास कार्य के खिलाफ नहीं है, लेकिन जनता के अधिकारों का हनन नहीं होने दिया जाएगा।

‘चोर-चोर मौसेरे भाई जैसी है बीजेपी-ईसी की स्थिति’

इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों, चुनाव आयोग और एसआईआर (SIR) के मुद्दों पर बीजेपी द्वारा बुलाई गई प्रेस कॉन्फ्रेंस पर प्रतिक्रिया देते हुए सुखदेव भगत ने कहा कि यह ‘चोर-चोर मौसेरे भाई’ वाली कहावत जैसी स्थिति है।

उन्होंने कहा कि सवाल राहुल गांधी चुनाव आयोग से पूछते हैं, लेकिन उसका जवाब भारतीय जनता पार्टी की तरफ से दिया जाता है। आज राहुल गांधी देश की जनता के लिए उम्मीद की एक बड़ी किरण बने हुए हैं और देश में लोकतंत्र का चीरहरण किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *