जांजगीर-चांपा में खूनी संघर्ष: जमीन विवाद में बीच-बचाव करने पहुंचे बुजुर्ग को दिया धक्का, मौके पर मौत; आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के उच्चभट्ठी गांव में जमीन को लेकर चल रहा विवाद एक खूनी हादसे में बदल गया। जमीन के एक मामले को लेकर हो रही मारपीट और हंगामे के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे एक बुजुर्ग की जान चली गई। आरोपी के धक्का देने से बुजुर्ग जमीन पर इस तरह गिरे कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। चांपा थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए हत्या का मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस से मिली विस्तृत जानकारी के अनुसार, आरोपी राजकिरण यादव अपने बड़े पिता के घर पहुंचा था। वहां उसका रमेश कुमार यादव से जमीन के किसी पुराने विवाद को लेकर तीखा झगड़ा हो रहा था। बात इतनी बढ़ गई कि आरोपी राजकिरण गालियां देते हुए रमेश के साथ मारपीट करने पर उतारू हो गया। इतना ही नहीं, उसने जान से मारने की धमकी देते हुए रमेश पर ब्लेड से हमला भी कर दिया।

बीच-बचाव करना पड़ा महंगा

विवाद का यह खौफनाक मंजर देखकर रमेश यादव के बुजुर्ग पिता, लोचन प्रसाद यादव, बीच-बचाव करने के लिए आगे आए। वे दोनों पक्षों को शांत कराने की कोशिश कर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान गुस्से में अंधे हो चुके आरोपी राजकिरण यादव ने बुजुर्ग लोचन प्रसाद को जोरदार धक्का दे दिया। धक्का लगते ही बुजुर्ग असंतुलित होकर जमीन पर जा गिरे, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही चांपा थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

एडिशनल एसपी डॉ. यूलैंडन यार्क ने इस मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं—105, 296, 351(3) और 333 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी राजकिरण यादव को धर दबोचा और उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस दुखद घटना के बाद पूरे गांव में मातम और आक्रोश का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *