दुर्ग: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में तेज रफ्तार का एक बेकाबू कहर देखने को मिला है। यहां एक अनियंत्रित कार ने साइकिल सवार युवती और पैदल जा रही एक महिला को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई हैं, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस पूरी घटना का एक डरावना सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कार साइकिल को काफी दूर तक सड़क पर घसीटते हुए नजर आ रही है।
मेनोनाइट चर्च के पास हुआ हादसा
यह पूरी दुर्घटना दुर्ग के मेनोनाइट चर्च के सामने जल संसाधन कार्यालय के पास मंगलवार सुबह करीब 11 बजे की है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि साइकिल पर सवार रंजिता ताम्रकार दूर जा गिरीं और उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। वहीं, पैदल जा रहीं करुणा यादव के पैर में फ्रैक्चर हो गया है।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक, फिलहाल दोनों की हालत स्थिर बनी हुई है।
30 मीटर तक साइकिल घसीटती चली गई कार
हादसे का सबसे डरावना पहलू यह रहा कि टक्कर मारने के बाद भी कार चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और साइकिल को करीब 30 मीटर तक सड़क पर घसीटता चला गया। मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि कार का ड्राइवर शराब के नशे में धुत था। हालांकि, पुलिस की ओर से ड्राइवर के नशे में होने की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
सीसीटीवी फुटेज आया सामने
इस भयावह सड़क हादसे का सीसीटीवी फुटेज अब सोशल मीडिया और पुलिस के सामने आ चुका है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि कैसे बेकाबू कार ने राहगीरों को टक्कर मारी और साइकिल को सड़क पर दूर तक घसीटते हुए ले गई। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश है और पुलिस की कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।