बालोद: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जिले के दल्ली राजहरा माइंस क्षेत्र में एक साथ तीन भालू देखे जाने के बाद से प्लांट और खदान के कर्मचारियों में दहशत का माहौल बन गया है। काम के दौरान भालुओं की मौजूदगी से सहमे कर्मचारियों ने तुरंत इसकी सूचना अधिकारियों और वन विभाग को दी।
मोबाइल कैमरे में कैद हुआ वीडियो
जानकारी के मुताबिक, दल्ली राजहरा के माइंस एरिया में अचानक तीन भालुओं को घूमते हुए देखा गया। खतरे को भांपते हुए वहां मौजूद कर्मचारियों ने अपनी सुरक्षा का ध्यान रखते हुए इसका वीडियो अपने मोबाइल फोन के कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब तेजी से सामने आ रहा है।
वन विभाग ने की सतर्क रहने की अपील
माइंस क्षेत्र में जंगली जानवरों के इस तरह खुलेआम घूमने की खबर मिलते ही वन विभाग हरकत में आ गया है। दल्ली राजहरा वन परिक्षेत्र अधिकारी संतोष ठाकुर ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों और माइंस कर्मचारियों से पूरी तरह सतर्क रहने की अपील की है। विभाग ने साफ कहा है कि कोई भी कर्मचारी भालुओं के नजदीक जाने की कोशिश न करे और सुरक्षा नियमों का पालन करें।
कुछ दिन पहले मंदिर परिसर में दिखा था भालू
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में वन्यजीवों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है। कुछ दिन पहले ही जिले के ग्राम भालूकोन्हा स्थित शिव मंदिर परिसर में भी एक भालू की मूवमेंट देखी गई थी। मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में भालू की गतिविधि कैद हुई थी, जिसे बाद में सुरक्षित रूप से जंगल की तरफ जाते देखा गया था। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं से आसपास के ग्रामीण और कर्मचारी डरे हुए हैं।
video
