बेमेतरा: छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में धनतेरस का त्योहार मातम में बदल गया। नेशनल हाईवे-30 पर तड़के एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने भारी तबाही मचाई। इस भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
एक के बाद एक कई वाहनों को मारी टक्कर
यह दर्दनाक हादसा बेमेतरा-कवर्धा मार्ग पर स्थित सतनाम चौक के पास सुबह करीब साढ़े तीन से चार बजे के बीच हुआ। जानकारी के मुताबिक, गिरौदपुरी धाम के दर्शन करके लौट रहे एक परिवार की गाड़ी को तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। आरोपी ड्राइवर कथित तौर पर नशे में वाहन चला रहा था।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अनियंत्रित कार ने दो अन्य कारों और एक ट्रैक्टर को भी अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद कार सड़क किनारे स्थित एक मकान की दीवार से जा टकराई। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए।
मृतकों की हुई पहचान
इस भयानक दुर्घटना में एक महिला और एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान लक्की देशलहरे (बेमेतरा निवासी) और ग्राम सोड़ की एक महिला के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में घायल हुए 3 से 4 लोगों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
त्योहार के दिन हुई इस दिल दहला देने वाली घटना ने एक बार फिर नशे में गाड़ी चलाने और तेज रफ्तार की लापरवाही पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।