भानुप्रतापपुर के ग्राम भुरसातरहुल में पुलिस ने अवैध गांजे की खेती का बड़ा भंडाफोड़ किया है। एक आरोपी ने एक एकड़ खेत में अरहर और चेंच भाजी की फसल की आड़ में बड़ी चालाकी से गांजे के पौधे उगा रखे थे। पुलिस को जैसे ही इसकी भनक लगी, टीम ने खेत में दबिश देकर आरोपी के पूरे मंसूबों पर पानी फेर दिया।
कार्रवाई और जब्ती की प्रमुख बातें:
फसलों के बीच छिपाई खेती:- आरोपी ने करीब 4 महीने पहले गांजे के बीज बोकर खेती शुरू की थी। पौधों को छिपाने के लिए उसने भाजी और अरहर की फसलों का सहारा लिया था ताकि किसी की नज़र न पड़े।
844 पौधे बरामद: गुप्त सूचना के आधार पर जब पुलिस ने खेत में जांच कीतो अन्य फसलों के बीच बड़ी संख्या में गांजे के पौधे लहलहाते मिले। पुलिस ने मौके से कुल 844 पौधे उखाड़कर जब्त किए।
वजन और अनुमानित कीमत: जब्त गांजे के पौधों का कुल वजन करीब 8 किलो 500 ग्राम हैबाजार में इसकी अनुमानित कीमत लगभग ₹4,25,000 आंकी गई है।
खेत मालिक चढ़े हत्थे: मामले में पुलिस ने खेत के मालिक सुभाष कोरोटी ( 42 वर्ष) को मौके से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी सुभाष कोरोटी के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS ) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इलाके में अवैध नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए पुलिस लगातार ऐसी ताबड़तोड़ कार्रवाइयां कर रही है।