महासमुंद में बड़ा बवाल: जंगली सूअर के शिकार की जांच करने गए रेंजर और 6 वनकर्मियों को बनाया बंधक, लाठी-डंडों से पीटा

महासमुंद: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। जिले के बागबाहरा वनपरिक्षेत्र अंतर्गत तमोरा जंगल में अवैध शिकार की सूचना पर पहुची वन विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। उग्र भीड़ ने रेंजर समेत 6 वनकर्मियों को करीब 6 घंटे तक जंगल में बंधक बनाकर रखा और उनके साथ लाठी-डंडों से मारपीट की गई।

कक्ष क्रमांक 95 और 96 में बीती रात हुआ विवाद

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना बागबाहरा के तमोरा गांव के पास स्थित जंगल के कक्ष क्रमांक 95 और 96 में बीती रात घटी। वन विभाग को सूचना मिली थी कि जंगल में जंगली सूअर का शिकार किया जा रहा है। इसी सूचना की पुष्टि और निरीक्षण के लिए वन अमले की टीम मौके पर रवाना हुई थी।

इस टीम में रेंजर नवीन वर्मा, आमाकोनी के डिप्टी रेंजर नवीन शर्मा, वन रक्षक और वॉचर समेत कुल 6 वनकर्मी शामिल थे।

40 से 50 लोगों की भीड़ ने घेरा, 6 घंटे तक रखा बंधक

जैसे ही वन विभाग की टीम जंगल के अंदर पहुँची, अचानक 40 से 50 की संख्या में महिला-पुरुष वहां इकट्ठा हो गए। आरोप है कि इन लोगों ने योजनाबद्ध तरीके से वनकर्मियों को घेर लिया और उनके साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी।

वनकर्मियों का आरोप है कि उन्हें रात के वक्त करीब 6 घंटे तक जंगल के अंदर ही बंधक बनाकर रखा गया, जिससे उनकी जान पर बन आई थी।

मोबाइल से दी गई पुलिस और अफसरों को सूचना

जंगल के बीचों-बीच बंधक बने वन अधिकारियों ने किसी तरह हिम्मत जुटाकर अपने मोबाइल फोन से वन विभाग के उच्चाधिकारियों और स्थानीय पुलिस थाने में संपर्क किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी तुरंत हरकत में आए और रात में ही भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, जिसके बाद बंधक बनाए गए सभी 6 वनकर्मियों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका।

घायल कर्मियों का हुआ मेडिकल टेस्ट

इस हिंसक झड़प और मारपीट में घायल हुए वन अधिकारियों व कर्मचारियों का रात में ही नजदीकी अस्पताल में स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। फिलहाल पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम हमलावरों की पहचान करने में जुटी हुई है और इस पूरे मामले में आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *