रायपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 गौरवशाली वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक भव्य ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, बीजेपी के राष्ट्रीय संयोजक वी.डी. शर्मा, दोनों उपमुख्यमंत्री और कई दिग्गज नेता शामिल हुए।
यह कार्यक्रम 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जा रहे देशव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य पीएम मोदी के 25 वर्षों के सेवाकाल की उपलब्धियों को हर घर तक पहुंचाना है।
वडनगर से वाराणसी तक निकल रही है ‘सेवा संकल्प यात्रा’
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवाकाल को समर्पित ‘सेवा संकल्प यात्रा’ उनकी जन्मभूमि वडनगर से शुरू होकर कर्मभूमि वाराणसी तक जा रही है।
सीएम साय ने कहा, “यह यात्रा सिर्फ एक बाइक रैली भर नहीं है, बल्कि यह सेवा, समर्पण और राष्ट्रनिर्माण के 25 वर्षों की गौरवशाली गाथा का प्रतीक है।” उन्होंने आगे बताया कि पीएम मोदी ने मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक के सफर में हमेशा ‘सेवा’ को ही शासन और संगठन का मूलमंत्र बनाया है। डिजिटल इंडिया, आयुष्मान भारत, स्वच्छ भारत और उज्ज्वला जैसी योजनाओं के जरिए उन्होंने देश के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाया है।
युवा मोर्चा के कार्यकर्ता बनाएंगे इसे जन आंदोलन – वी.डी. शर्मा
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए सांसद और बीजेपी प्रकोष्ठ संकुल के राष्ट्रीय संयोजक वी.डी. शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने पूरे राजनीतिक जीवन में ‘अंत्योदय’ के संकल्प को जमीन पर उतारा है।
उन्होंने बताया कि यह सेवा संकल्प यात्रा देश के विभिन्न राज्यों से गुजरते हुए छत्तीसगढ़ में पांच अलग-अलग मार्गों से प्रवेश करेगी। छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से होते हुए यह यात्रा उत्तर प्रदेश और झारखंड की ओर बढ़ेगी। इस दौरान युवा मोर्चा के कार्यकर्ता गांव-गांव और शहर-शहर जाकर स्वच्छता अभियान, रक्तदान, वृक्षारोपण और जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करेंगे।
कार्यक्रम में ये दिग्गज नेता रहे मौजूद
रायपुर के इस युवा संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और वी.डी. शर्मा के अलावा उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा, गुजरात से राज्यसभा सांसद राजीव शुक्ला, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, और मंत्री केदार कश्यप समेत कई विधायक, पदाधिकारी और भारी संख्या में युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।