सक्ती तालाब में डूबने से मौत मामला सामने आने के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के हसौद थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव में जुए के फड़ पर पुलिस की दबिश के दौरान तालाब में छलांग लगाने वाले ग्रामीण का शव बरामद कर लिया गया है। घटना के बाद मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच और मुआवजे की मांग की है।
रविवार देर रात हसौद पुलिस ने दी थी दबिश
पुलिस और ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, गांव में जुआ खेले जाने की सूचना मिलने पर रविवार देर रात हसौद थाना पुलिस ने मौके पर दबिश दी थी। इसी दौरान वहां मौजूद गांव के ही महेश राम केंवट ने पास स्थित तालाब में छलांग लगा दी, जिसके बाद से वह लापता हो गया था।
रेस्क्यू अभियान के बाद सुबह तैरता मिला शव
तालाब में डूबने की आशंका को देखते हुए रेस्क्यू टीम द्वारा उसकी तलाश की जा रही थी। खोजबीन के बीच सुबह महेश राम केंवट का शव तालाब में तैरता हुआ मिला। सूचना पर पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों ने लगाया मारपीट का आरोप, मुआवजे की मांग
मृतक के परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि दबिश के दौरान पुलिस ने महेश राम केंवट के साथ मारपीट की थी, जिससे बचने के लिए वह तालाब में कूद गया और उसकी जान चली गई। परिजनों और ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा प्रशासन से उचित मुआवजा देने की मांग उठाई है।
मामले पर सक्ती के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) पंकज ने कहा कि परिजनों की सूचना पर पहले गुम इंसान का मामला दर्ज किया गया था। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच कराई जाएगी और तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।