दंतेवाड़ा, छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मण्डल रायपुर द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य कृषि विपणन (मंडी) बोर्ड, नवा रायपुर के अंतर्गत उप निरीक्षक पदों की लिखित भर्ती परीक्षा (एमबीएसआई-26) का आयोजन 26 अप्रैल 2026, रविवार को पूर्वान्ह 10 बजे से 12ः15 बजे तक किया जाएगा। यह परीक्षा प्रदेश के 16 जिलों में आयोजित होगी। दंतेवाड़ा जिले में इस परीक्षा में कुल 3913 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे। परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र 20 अप्रैल 2026 से व्यापम की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए गए हैं, जिन्हें अभ्यर्थी अपने प्रोफाइल लॉगिन के माध्यम से डाउनलोड कर सकते हैं। परीक्षा दिवस को अभ्यर्थियों को कम से कम दो घंटे पूर्व अपने परीक्षा केंद्र में उपस्थित रहना अनिवार्य होगा, ताकि पहचान सत्यापन एवं फ्रिस्किंग की प्रक्रिया पूरी की जा सके। परीक्षा प्रारंभ होने के 30 मिनट पूर्व मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा और इसके बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा से एक दिन पहले ही अपने परीक्षा केंद्र के स्थान का भली-भांति निरीक्षण कर लें।
प्रवेश पत्र का पूर्ण प्रिंट आउट साथ लाना अनिवार्य है तथा इसके साथ फोटोयुक्त मूल पहचान पत्र जैसे आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, पैन कार्ड या ड्राइविंग लाइसेंस भी प्रस्तुत करना होगा। बिना मूल पहचान पत्र के किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा। परीक्षा के दौरान हल्के रंग के आधी बांह वाले वस्त्र पहनना अनिवार्य रहेगा, जबकि गहरे रंग के कपड़े पहनने पर रोक रहेगी। फुटवियर के रूप में चप्पल पहनने के निर्देश दिए गए हैं तथा किसी भी प्रकार के आभूषण, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, घड़ी, पर्स, बेल्ट, टोपी आदि ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। परीक्षा के प्रथम और अंतिम आधे घंटे में परीक्षा कक्ष से बाहर जाने की अनुमति नहीं होगी। नियमों का उल्लंघन करने या अनुचित साधनों का उपयोग करने पर कड़ी कार्रवाई करते हुए अभ्यर्थिता निरस्त की जाएगी। धार्मिक या सांस्कृतिक पोशाक पहनकर आने वाले अभ्यर्थियों को अतिरिक्त सुरक्षा जांच के लिए निर्धारित समय से पहले केंद्र पहुंचना होगा।
दंतेवाड़ा जिले में परीक्षा के लिए शासकीय दंतेश्वरी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, शासकीय महेन्द्र कर्मा कन्या महाविद्यालय, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दंतेवाड़ा, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, शासकीय कन्या शिक्षा परिसर पट्टरास, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय करली (गीदम), सरस्वती शिशु मंदिर दंतेवाड़ा, डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल पट्टरास-कुम्हाररस, शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, अरुणोदय प्राथमिक शाला करली, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गीदम, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गीदम, शासकीय हाई स्कूल अवराभाटा, शासकीय कन्या शिक्षा परिसर जावंगा, डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल जावंगा तथा आस्था विद्या मंदिर अंग्रेजी माध्यम विद्यालय जावंगा को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर अभ्यर्थी हेल्पलाइन नंबर 0771-2972780 एवं मोबाइल नंबर +91-8269801982 पर संपर्क कर सकते हैं। परीक्षार्थियों से अपील की गई है कि वे सभी दिशा-निर्देशों का गंभीरता से पालन करें, जिससे परीक्षा का संचालन सुचारू एवं पारदर्शी रूप से संपन्न हो सके।