बम की फर्जी सूचना पर अटकीं सांसें, बेंगलुरु से काशी आ रही फ्लाइट की हैदराबाद में इमरजेंसी लैंडिंग

बम की फर्जी सूचना पर मंगलवार को बेंगलुरु से वाराणसी आ रहे अकासा एयरलाइंस के विमान की हैदराबाद में आपात लैंडिंग कराई गई। इस दौरान विमान में सवार यात्रियों की सांसें अटकी रहीं। सुरक्षा एजेंसियों की जांच में सूचना गलत निकलने पर यात्रियों ने राहत की सांस ली। विमान संख्या क्यूपी-1612 ने दोपहर 330 पर बेंगलुरु से उड़ान भरी। इसमें कुल 186 यात्री सवार थे।

लगभग आधे घंटे बाद एयरलाइंस के ऑफिशियल एक्स हैंडल पर विमान में बम होने की सूचना मिली। अधिकारियों ने इसकी जानकारी चालक दल को दी। पायलट ने तत्परता बरतते हुए नजदीकी हैदराबाद एयरपोर्ट के एटीसी से सम्पर्क कर लैंडिंग की अनुमति मांगी। विमान की लैंडिंग के बाद क्रू मेंबर्स ने सभी यात्रियों को बाहर निकालकर टर्मिनल भवन पहुंचाया। विमान को एप्रन से हैंगर में ले जाया गया।

यहां सीआईएसफ के बम डिस्पोजल दस्ते, क्यूआरटी और खुफिया एजेंसियों ने विमान की गहनता से जांच की लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बाद शाम 5.40 बजे की जगह विमान करीब 4.20 घंटे की देरी से रात 10 बजे बाबतपुर एयरपोर्ट पर उतरा। इस बारे में अकासा एयर के अधिकारियों ने बताया कि शाम चार बजे एक्स हैंडल पर किसी ने टैग करते हुए लिखा कि आपके विमान में हमने बम रखा है, जो थोड़ी देर में फट जाएगा। इसपर विमान की आपात लैंडिंग कराने के बाद जांच कराई गई। इसके चलते अकासा के अन्य विमान भी विलम्बित हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *