BJP विधायक के बेटे पर हिट एंड रन का आरोप, दर्ज किया केस

BJP विधायक के बेटे पर हिट एंड रन का आरोप, दर्ज किया केस

रायपुर, पूर्व केंद्रीय मंत्री और मौजूदा भाजपा विधायक के बेटे के खिलाफ रायपुर में हिट एंड रन मामले में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने सोमवार को बताया कि विधायक के बेटे की कार ने कथित तौर पर एक बाइक सवार को टक्कर मार दी जिससे बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया।

आरोपी बलवंत सिंह उर्फ ​​लकी (34) भरतपुर-सोनहट (एसटी) विधानसभा क्षेत्र से विधायक और 2019 से 2023 के बीच जनजातीय मामलों की पूर्व केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह का बेटा है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना रात करीब 1 बजे सालासर चौक की है। पीड़ित त्रिभुवन सिंह (34) काम खत्म करने के बाद तेलिबांधा स्थित अपने घर लौट रहे थे तभी एक्सीडेंट हुआ। त्रिभुवन पेशे से एक डिस्क जॉकी (डीजे) हैं।

अधिकारी ने बताया कि बलवंत अपने दोस्तों के साथ अरंग की तरफ से तेलिबांधा की ओर जा रहा था, तभी कथित तौर पर उसकी कार ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद आरोपी कथित तौर पर दूसरी कार में बैठकर मौके से फरार हो गया। बलवंत सिंह के खिलाफ तेलीबांधा पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की धारा 125(ए) (दूसरों की व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालने का कृत्य) और 281 (लापरवाही से वाहन चलाना) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

पुलिस ने बताया कि पीड़ित की मेडिकल रिपोर्ट मिलने के बाद और भी धाराएं जोड़ी जाएंगी। अधिकारी ने बताया कि आरोपी को अभी तक गिरफ्तार नहीं किया जा सका है और आगे की जांच जारी है। घायल बाइकर को रायपुर के एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *