MCD में मेयर व डिप्टी मेयर चुनाव का बहिष्कार करेगी कांग्रेस, जानिए किस वजह से लिया फैसला?

कांग्रेस पार्टी ने गुरुवार को होने वाले MCD (दिल्ली नगर निगम) के मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव का बहिष्कार करने का फैसला किया है। पार्टी ने अगले दलित महापौर के लिए तय सीमित कार्यकाल पर असंतोष जताया है और इसी बात को लेकर इन चुनावों का बहिष्कार कर रही है।

एक कांग्रेस पार्षद ने नाम न बताने की शर्त पर पीटीआई से कहा कि शगुफ्ता चौधरी के आम आदमी पार्टी (AAP) में शामिल होने के बाद पार्टी के पास वर्तमान में आठ पार्षद सीटें हैं। ऐसे में पार्टी एमसीडी हाऊस में तो जाएगी, लेकिन मतदान प्रक्रिया से खुद को दूर रखेगी।

पार्टी दलित मेयर के लिए वर्तमान में प्रस्तावित चार महीने की अवधि के बजाय पूर्ण कार्यकाल की मांग कर रही है। पार्षद ने कहा, ‘हम सदन में तो भाग लेंगे, लेकिन मतदान से दूर रहेंगे। हम चाहते हैं कि दलित मेयर को केवल चार महीने के बजाय पूर्ण कार्यकाल मिले।’

दरअसल आम आदमी पार्टी और भाजपा के बीच अंदरूनी कलह के कारण अप्रैल में होने वाले ये चुनाव अब तक नहीं हो सके हैं, ऐसे में दिल्ली के अगले दलित मेयर और डिप्टी मेयर को चार महीने का छोटा कार्यकाल मिलेगा। दलित उम्मीदवार के लिए आरक्षित तीसरे कार्यकाल के लिए महापौर और उप महापौर का चुनाव गुरुवार दोपहर को होना तय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *