मौत का खौफ, इजरायली ड्रोन को देख ऐसा था हमास चीफ याह्या सिनवार का रिएक्शन;

इजरायल ने हमास नेता याह्या सिनवार को मार गिराया है। सिनवार को मारने के ऑपरेशन का वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में नजर आ रहा है कि इजरायल के ड्रोन को अपनी तरफ आता देख सिनवार किस कदर खौफजदा हो जाता है। सिनवार ड्रोन को भगाने की कोशिश भी करता है। बता दें कि राफा के तेल सुल्तान में लड़ाई के दौरान सिनवार मारा गया। एक बिल्डिंग के पास कुछ हरकतें देखने के बाद बिस्लैक ब्रिगेड की 828वीं बटालियन ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। सुबह दस बजे के करीब एक सैनिक ने इस बात को नोटिस किया था। उसने इसकी जानकारी अपनी बटालियन को दी और इसके बाद ऐक्शन शुरू हो गया।

आईडीएफ की बटालियन ने तीन लोगों को बिल्डिंग से बाहर आते देखा। इनमें से एक की पहचान याह्या सिनवार के रूप में हुई। इजरायली सेना की गोलीबारी में यह लोग घायल हो गए। इसके बाद सिनवार दो अन्य आतंकियों के साथ दूसरी बिल्डिंग में जाता देखा गया। इस दौरान उसके साथियों ने उसे कवर दे रखा था। इसके बाद आईडीएफ के टैंकों और सिपाहियों ने दोनों बिल्डिंग्स पर फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग होता देख सिनवार बिल्डिंग के दूसरे तल पर चला गया। उसकी तलाश में सैनिकों का एक दल आगे बढ़ा, लेकिन अंदर से सिनवार ने गोलियां बरसानी शुरू कर दी।

इसके बाद सिनवार की तलाश के लिए ड्रोन उड़ाए गए। जब बिल्डिंग में ऊपर ड्रोन पहुंचता है तो वहां पर सिनवार बैठा नजर आता है। ड्रोन देखकर सिनवार उसे गिराना चाहता है और एक डंडा फेंकता है। इसके बाद टैंक से फायरिंग शुरू हो जाती है। बाद में तलाश के दौरान सैनिकों ने इस बात की पुष्टि कर दी कि हमले में सिनवार ही मारा गया है। बाद में फिंगरप्रिंट और डीएनए एनालिसिस से भी इसकी पुष्टि की गई। इजरायली सेना ने बताया कि आईडीएफ और आईएसए ने पिछले एक साल में कई मिशन चलाए। इन ऑपरेशंस के चलते सिनवार का मूवमेंट बंद हो चुका था और आखिर वह मारा गया।

इजरायली सेना द्वारा जारी ड्रोन फुटेज में नजर आ रहा है कि सिनवार का एक हाथ बुरी तरह से जख्मी है। उसके सिर पर परंपरागत स्कार्फ बंधा हुआ है। बयान के मुताबिक सिनवार के पास से बंदूक और 40 हजार शेकल्स मिले हैं। हालांकि उसके कब्जे से कोई बंधक नहीं मिला है।

सिनवार के मारे जाने की खबर पर इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने कहाकि इजरायल ने उस व्यक्ति से अपना हिसाब चुकता कर लिया है जिसने ‘होलोकॉस्ट’ के बाद हमारे लोगों के इतिहास में सबसे भीषण नरसंहार को अंजाम दिया। नेतन्याहू ने कहा कि हमास नेता याह्या सिनवार की हत्या गाजा में बंधक बनाए गए लोगों को वापस लाने के लिए युद्ध में एक महत्वपूर्ण क्षण है। उन्होंने यह भी कहा कि जो कोई भी हथियार सौंप देगा और बंधकों की वापसी में सहायता करेगा, उसे गाजा से सुरक्षित रूप से जाने दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहाकि हमारा युद्ध अभी खत्म नहीं हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *