सीजेएम के कैंप कार्यालय पहुंचे पांचों आरोपी, हो सकता है रिमांड पर फैसला

बहराइच हिंसा में रामगोपाल हत्याकांड के पांचों मुख्य आरोपियों को शुक्रवार की सुबह भारी सुरक्षा के बीच सीजेएम आवास ले जाया गया है, जहां सभी को रिमांड पर लेने के लिए उच्चाधिकारी जुटे हुए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए कैम्प कार्यालय के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। इनमें मुठभेड़ में घायल दोनों आरोपी भी शामिल हैं, जिन्हें बंद वाहनों से लाया गया है।

हरदी थाने के महराजगंज कस्बे में 13 अक्टूबर को भड़के बवाल के बीच छत पर चढ़े रामगोपाल की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसमें अब्दुल हमीद, सरफराज, मोहम्मद तालिब उर्फ सबलू, फहीम समेत छह नामजद व चार अज्ञात लोगों पर केस दर्ज किया गया था। फरार चल रहे हत्यारोपितों की गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ की टीमें लगाई गई थी। गुरुवार को नेपाल भागते समय पांचों आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था।

असलहा बरामदगी के दौरान सरफराज व मोहम्मद तालीम ने पुलिस पर ही बन्दूक तान दिया। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी थी। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार की सुबह ही जिला अस्पताल में भर्ती दोनों घायल व तीन अन्य को भी सीजेएम आवास पर रिमांड के लिए ले जाया गया है। जहां पुलिस अधिकारी अपनी बात रख रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *