जिला अस्पताल निरीक्षण करने पहुंचे घोसी सांसद राजीव राय की डॉक्टर से नोकझोंक, चिकित्सक को नोटिस जारी

मऊ के जिला संयुक्त चिकित्सालय का बुधवार को घोसी लोकसभा के सांसद राजीव राय ने निरीक्षण किया। कई चिकित्सक अपने चैंबर में नहीं मिले, इस पर सांसद ने सख्त नाराजगी जताई। वहीं, नाक, कान गला के विशेषज्ञ डॉ. सौरभ त्रिपाठी के चैंबर में पहुंचने के बाद सांसद द्वारा पर्ची लगाने के बाबत पूछने पर चिकित्सक और सांसद के बीच जमकर नोकझोंक हुई। मामले में सांसद राजीव राय ने चिकित्सक पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए निलंबन की मांग उठायी। उधर, दुर्व्यवहार प्रकरण पर सीएमएस ने बताया कि उनके द्वारा डीएम और शासन को पत्र भेजकर घटनाक्रम से अवगत करा दिया गया है। वहीं, राजीव राय के साथ विवाद में उलझे जिला अस्पताल के डॉक्टर सौरभ त्रिपाठी को सीएमओ ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है, डॉक्टर के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी।

सौ शैया जिला चिकित्सालय में दुर्व्यवस्था की शिकायत को लेकर घोसी लोकसभा के सांसद राजीव राय ने बुधवार सुबह निरीक्षण किया। सांसद सबसे पहले जिला अस्पताल के मुख्य द्वार पर पहुंचे जहां मरीजों और तीमारदारों से अस्पताल में मिलने वाली सुविधाओं के बाबत जानकारी हासिल की। इसके बाद बारी-बारी चिकित्सकों के चैंबर में पहुंचकर मरीजों की पर्ची एवं मिलने वाली दवाओं के बाबत पूछताछ की। कई चिकित्सक अपने चैंबर से अनुपस्थित मिले। चिकित्सकों के अनुपस्थित रहने पर सांसद ने सख्त नाराजगी प्रकट करते हुए सीएमएस से तत्काल कार्रवाई के लिए कहा।

इसके उपरांत सांसद नाक, कान गला के विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. सौरभ त्रिपाठी के चैंबर में पहुंचे। चैंबर में पहुंचने के उपरांत सांसद ने चिकित्सक के टेबल पर रखी पर्चियों और अस्पताल में आने की टाइमिंग के बाबत सांसद ने चिकित्सक से सवाल किया। सवाल-जवाब के दौरान ही सांसद और चिकित्सक के बीच जमकर बहस शुरू हो गई। सांसद और चिकित्सक के बीच तकझक को लेकर पूरे अस्पताल में हंगामा मच गया। सीएमएस डॉ. धनंजय ने बताया पूरे घटनाक्रम के बाबत उन्होंने जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र और शासन को पत्र भेजकर अवगत करा दिया है।


जिला अस्पताल के निरीक्षण के दौरान चैंबर से अनुपस्थित मिले तीन चिकित्सकों को सीएमएस ने नोटिस जारी किया है। नोटिस जारी करने के साथ ही सीएमएस ने जवाब तलब भी किया। सांसद के निरीक्षण के दौरान कार्रवाई की गाज गिरने से जिला अस्पताल में पूरे दिन अफरा-तफरी मची रही।

घोसी लोकसभा के सांसद राजीव द्वारा बुधवार को जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया गया। सीएमएस डॉ. धनंजय ने बताया कि सांसद के निरीक्षण के दौरान तीन चिकित्सक अपने चैंबर से अनुपस्थित मिले थे। निरीक्षण में अनुपस्थित तीनों चिकित्सकों को सीएमएस ने नोटिस जारी करते हुए जवाब-तलब किया। साथ ही साथ चेताया कि जिला अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *