Chhattisgarh Crime News: छत्तीसगढ़ के कांकेर और केशकाल इलाके में गांजा तस्करों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी एक बानगी हाल ही में देखने को मिली। ओडिशा से भारी मात्रा में गांजा लेकर आ रहे तस्करों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर तस्करों ने हमला कर दिया। इस दौरान तस्करों ने केशकाल थाना प्रभारी (TI) को गाड़ी से कुचलने की भी कोशिश की और मौके से फरार हो गए। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी के बाद तस्करों को गांजे की बोरियां छोड़कर भागना पड़ा।
फिल्मी अंदाज में पीछा और टीआई पर हमला
मामले के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा की तरफ से कुछ संदिग्ध गाड़ियां अवैध तस्करी कर आ रही हैं। इसके बाद पुलिस ने केशकाल से लेकर कांकेर तक करीब 30 किलोमीटर तक तस्करों का पीछा किया।
घेराबंदी के दौरान जब केशकाल थाना प्रभारी रितेश मिश्रा ने गाड़ियों को रोकने का प्रयास किया, तो एक नेक्सॉन कार के चालक ने उन पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। कार टीआई के पैर को रगड़ते हुए निकल गई, जिससे उनके अंगूठे में गंभीर चोटें आईं। इस अफरा-तफरी का फायदा उठाकर तस्कर मौके से भागने में सफल रहे।
कचरे के ढेर में मिलीं गांजे की बोरियां
पुलिस की लगातार दबिश और नाकेबंदी से घबराए तस्करों ने बचने के लिए नया पैंतरा अपनाया। उन्होंने सिंगारभाट में राइस मिल के पास गड़िया पहाड़ के नीचे कचरे के ढेर में गांजे से भरी बोरियां फेंक दीं और अपनी गाड़ियां लेकर अलग-अलग रास्तों से फरार हो गए।
बुधवार दोपहर को स्थानीय ग्रामीणों से मिली सूचना के आधार पर कांकेर पुलिस ने जब उस कचरे के ढेर की तलाशी ली, तो उनके होश उड़ गए। वहां से लावारिस हालत में 400 किलो से अधिक गांजा बरामद हुआ। जब्त किए गए गांजे की अनुमानित कीमत 2 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जा रही है।
तस्कर अपना रहे हैं पुराने रास्ते
जानकारों का कहना है कि रायपुर-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस-वे का निर्माण कार्य चलने के कारण तस्कर अब ओडिशा से आने के लिए केशकाल-कांकेर के पुराने रास्तों का इस्तेमाल कर रहे हैं। गौर करने वाली बात यह है कि इस घटना से ठीक एक दिन पहले भी केशकाल पुलिस ने 407 किलो गांजा पकड़ा था। लगातार सामने आ रहे इन मामलों ने पुलिस के लिए सुरक्षा और तस्करी के नेटवर्क को लेकर कड़ी चुनौती खड़ी कर दी है।
कांकेर के एसपी निखिल राखेचा ने बताया कि तस्करी में इस्तेमाल किए गए वाहनों और आरोपियों के पुख्ता सुराग हाथ लग चुके हैं। अपराधियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की अलग-अलग विशेष टीमें रवाना कर दी गई हैं, जिन्हें जल्द ही दबोच लिया जाएगा।