खालिस्तानियों को मिल रही कनाडा की शह से उनकी हिम्मत इतनी बढ़ गई है कि अब खालिस्तानी सीधे अयोध्या के राम मंदिर को निशाना बनाने की धमकी देने लगे हैं. खालिस्तानी आतंकी (Canada Based Terrorist) गुरपतवंत सिंह पन्नू ने वीडियो जारी कर हिंदुओं की आस्था के बड़े केंद्र राम मंदिर को उड़ाने की धमकी दी है.
सिख फॉर जस्टिस (SFJ) नामक आतंकी संगठन के चीफ पन्नू ने जारी विडियो में कहा,’16 और 17 नवंबर को अयोध्या के राम मंदिर में हिंसा होगी.’ बताया जा रहा है कि पन्नू ने यह वीडियो कनाडा के ब्रैम्पटन में रिकॉर्ड किया है. इस वीडियो में राम मंदिर के साथ-साथ कई दूसरे हिंदू धार्मिक स्थलों के खिलाफ हिंसा भड़काने की धमकी भी दी गई है.
वीडियो में पन्नू ने आगे कहा,’हम हिंदुत्व विचारधारा की जन्मस्थली अयोध्या की नींव हिला देंगे.’ पन्नू की इस धमकी को भारत के सबसे पवित्र स्थलों में से एक (राम मंदिर) के लिए सीधी धमकी माना जा रहा है. पन्नू के वीडियो में पीएण मोदी की अयोध्या राम मंदिर में प्रार्थना करते हुए तस्वीरें भी दिखाई गई हैं. खालिस्तानी आतंकी ने कनाडा में रहने वाले भारतीयों को हिंदू मंदिरों पर हो रहे खालिस्तानी हमलों से दूर रहने की भी धमकी दी है.
भारत से फरार होने वाला भगोड़ा पन्नू भारत के खिलाफ लगातार जहर उगलता रहता है. वह कनाडा में भारतीय राजनयिकों के खिलाफ हिंसा के लिए खालिस्तानियों को उकसाने का काम करता रहता है.