झारखंड की तरह दिल्ली में भी बांग्लादेशी-रोहिंग्या घुसपैठ को मुद्दा बना सकती है BJP, मिलने लगे संकेत

दिल्ली में अगले साल फरवरी में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। चुनाव में भाजपा बांग्लादेशी-रोहिंग्या घुसपैठ को मुद्दा बना सकती है। दरअसल, झारखंड में अभी चुनाव चल रहा है। एक फेज की वोटिंग बची हुई है। वहां भाजपा ने जमकर बांग्लादेशी घुसपैठ का मुद्दा उठाया। भाजपा के सभी नेताओं और स्टार प्रचारकों ने बार-बार लगातार हेमंत सोरेन सरकार पर घुसपैठियों का साथ देने का आरोप लगाया। भाजपा यही मुद्दा अब देश की राजधानी में उठा सकती है। इसे लेकर संकेत भी मिलने लगे हैं।

विजेंद्र गुप्ता ने आतिशी को लिखा लेटर

दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता विजेंद्र गुप्ता ने सोमवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी को एक पत्र लिखकर दिल्ली में रोहिंग्या की अवैध बस्तियों पर चिंता जताई। वहीं बीते दिनों एलजी वीके सक्सेना ने भी दिल्ली पुलिस को अवैध प्रवासियों की पहचान करने को कहा है। इसके लिए उन्होंने एक महीने तक स्पेशल ड्राइव चलाने का निर्देश भी दिया है।

लेटर में क्या-क्या बातें

भाजपा नेता विजेंद्र गुप्ता ने आतिशी को भेजे लेटर में लिखा, ‘दिल्ली में रोहिंग्या प्रवासियों के अवैध बस्तियों को सुविधाजनक बनाने में आपकी सरकार की भूमिका ने इस शहर और देशभर के नागरिकों के बीच गंभीर चिंताएं पैदा कर दी हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि आम आदमी पार्टी सक्रिय रूप से उस प्रक्रिया का समर्थन कर रही है जो हमारे संविधान को कमजोर करती है। यह राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ समझौता है। यह हमारे लोकतंत्र की अखंडता को खतरे में डालता है।’

यह देश के साथ विश्वासघात है: भाजपा

लेटर में भाजपा नेता ने आगे लिखा, ‘आपकी सरकार में रोहिंग्या प्रवासियों से जुड़ी खबरें परेशान करने वाली तस्वीर पेश करती हैं। वो सार्वजनिक सड़कों, फुटपाथों और पार्कों पर अतिक्रमण कर रहे हैं। इससे भी अधिक चिंताजनक बात यह है कि इन अवैध प्रवासियों को फर्जी दस्तावेजों के आधार पर मतदाता पहचान पत्र जारी करने और हेरफेर करने के प्रयास चल रहे हैं। उनकी मौजूदगी को वैध बनाने और उन्हें भारतीय नागरिकों के लिए आरक्षित लोकतांत्रिक अधिकार प्रदान करने का यह बेशर्म प्रयास देश के साथ विश्वासघात से कम नहीं है।’

एलजी ने भी दिया है निर्देश

उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने दिल्ली पुलिस को एक महीने तक स्पेशल ड्राइव चलाने का निर्देश दिया है। अवैध अप्रवासियों की संख्या में बढ़ोतरी की खबरों पर एलजी ने संज्ञान लेकर यह निर्देश दिया। पुलिस से केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर कार्रवाई करने को कहा है। लेटर में लिखा गया कि ऐसी खबरें हैं कि अवैध प्रवासियों के दस्तावेज बनाए जा रहे हैं। हालांकि आम आदमी पार्टी ने इसे भाजपा की ‘गंदी राजनीति’ बताया है। यह मुद्दा दिल्ली विधानसभा चुनाव के कुछ महीनों पहले उठा है। ऐसा माना जा रहा है कि झारखंड की तरह दिल्ली में भी यह मुद्दा और गर्म होता जाएगा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *