क्रेस्ट ग्रीन सोसाइटी निरीक्षण पर पहुंची महापौर मीनल चौबे लापरवाही के चलते बिल्डर को थमाया नोटिस

रायपुर। राजधानी की क्रेस्ट ग्रीन सोसाइटी में मूलभूत सुविधाओं की कमी और बिल्डर की लापरवाही को लेकर रहवासियों की शिकायतों के बाद महापौर मीनल चौबे निरीक्षण के लिए पहुंचीं। निरीक्षण के दौरान अव्यवस्थाओं पर नाराजगी जताते हुए बिल्डर को नोटिस जारी किया गया है।

महापौर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से जानकारी देते हुए कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता दी जाएगी और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सोसाइटी में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराए जाने पर संबंधित बिल्डर के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बताया जा रहा है कि क्रेस्ट ग्रीन सोसाइटी के रहवासी लंबे समय से पानी, सड़क, सुरक्षा और अन्य सुविधाओं को लेकर परेशान थे। इसी को लेकर लगातार शिकायतें की जा रही थीं। शिकायतों के बाद महापौर स्वयं मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया।
इस दौरान सोसाइटी के लेआउट की जांच के भी आदेश दिए गए हैं। गौरतलब है कि इससे पहले बिल्डर पर मनमानी करते हुए बाउंड्री वॉल तोड़कर फेस-2 और फेस-3 का निर्माण कराने का आरोप लगा था। रहवासियों ने इसका विरोध किया था।

रहवासियों का कहना था कि फेस-1 में बने क्लब हाउस को ही फेस-2 और फेस-3 से जोड़ने की कोशिश की जा रही थी, जिससे सुविधाओं पर अतिरिक्त दबाव पड़ता। विरोध के बाद अब प्रशासन सक्रिय नजर आ रहा है। फिलहाल बिल्डर को नोटिस मिलने के बाद सोसाइटी के रहवासियों में राहत का माहौल है और लोगों का मानना है कि उनकी आवाज अब प्रशासन तक पहुंची है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *