वाराणसी में नेपाली युवक ने मीट के दुकानदार समेत 5 को किया घायल, शहर काजी ने की शांति की अपील

वाराणसी ने रेवड़ी तालाब में गुरुवार शाम करीब 6.30 बजे 36 वर्षीय एक नेपाली युवक ने फावड़े से मीट के दुकानदार समेत पांच लोगों पर हमला कर घायल दिया। लोगों ने उसे पकड़कर पिटाई की और इसके बाद पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के बाद करीब 500 लोग रेवड़ी तालाब पार्क से भेलूपुर थाने तक जुट गए। तनाव को देखते हुए देर रात तक पुलिस अफसर छह थानों की फोर्स के साथ डटे रहे। वहीं शहर काजी ने शांति की अपील की। आरोपी प्रकाश कुमार मांझी नेपाल के मोरम जिले के गार्ड नगर के डांगरा गांव का निवासी है।

रेवड़ी तालाब में रेवड़िया बीर निवासी 55 वर्षीय अंसार अहमद शाम को मीट की अपनी दुकान पर बैठे थे। तभी युवक फावड़ा लेकर आया और हमला कर दिया। इसके बाद सड़क पर मौजूद मिर्जापुर के डिगिया निवासी शाहिद पर हमला किया। आगे रेवड़ीतालाब पार्क के पास रामापुरा के नई बस्ती निवासी 45 वर्षीय इश्तियाक अहमद और नागपुर (महाराष्ट्र) के 47 वर्षीय तनवीर असरफ और अरसद जमाल पर हमला कर घायल कर दिया। अंसार और शाहिद को गंभीर चोट आई है। दोनों को बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। रात में शाहिद को डिस्चार्ज कर दिया गया। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद ही छोड़ दिया गया। घटना का वीडियो भी वायरल हुआ।

शहर में कायम रखें अमन ओ अमान

काजी ए शहर ए बनारस मौलाना जमील अहमद कादिरी ने रेवड़ीतालाब की घटना पर दुःख जताया है। उन्होंने कहा कि अपराधी पकड़ा गया है जिसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। लिहाज़ा आप लोग अमन व शांति बनाए रखें। पुलिस प्रशासन से अपील है कि ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ कठोर से कठोर कारवाई करें जो शहर के अमन व चैन को बिगाड़ना चाहते हैं।अवाम से अपील है कि शहर में अमन व शांति बनाए रखें।

तीन दिन से वाराणसी में था

डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल ने बताया कि आरोपी ने बताया कि तीन दिन से वह वाराणसी में है। डीसीपी के अनुसार वह मानसिक बीमार प्रतीत हो रहा है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

कश्मीरीगंज में हुई थी घटना

रेवड़ीतालाब के लोगों का कहना था कि इसी तरह की घटना कुछ दिन पहले कश्मीरीगंज में भी हुई थी। एक व्यक्ति को अकेला पाकर कुछ युवकों ने हमला कर घायल कर दिया था।

आक्रोशित युवकों को समझाते रहे अफसर

घटना के बाद बड़ी संख्या में जुटे लोगों ने साजिशन हमले का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग करते हुए नारेबाजी करने लगे। सूचना मिलते ही भेलूपुर थाना समेत कई थाने की फोर्स बुला ली गई। मौके पर डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल, एडीसीपी नीतू कादयान, एसीपी भेलूपुर धनंजय मिश्रा, एसीपी कोतवाली ईशान सोनी, एसीपी दशाश्वमेध प्रज्ञा पाठक पहुंच गईं। घायल पक्ष के लोग बार-बार साजिशन हमले का आरोप लगाते हुए उग्र हो रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *