अब JNU में सबको मिलेगा वेदों का भी ज्ञान, सिलेबस में शामिल होगा ‘आईकेटी’; क्रेडिट स्कोर भी मिलेगा

जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में इंजीनियरिंग और प्रबंधन सहित सभी विषयों के छात्र वैकल्पिक पाठ्यक्रम के हिस्से के रूप में भारतीय ज्ञान परंपराएं (आईकेटी) का अध्ययन करेंगे। विश्वविद्यालय के सूत्रों के अनुसार, यह पाठ्यक्रम जेएनयू के सभी स्कूलों और केंद्रों में पेश किया जाएगा। प्रत्येक विभाग अपने विशिष्ट क्षेत्र के अनुरूप पाठ्य सामग्री को संचालित करेगा।

‘भारतीय ज्ञान परंपराएं’ सदियों से भारत में विकसित ज्ञान की स्वदेशी प्रणालियों को संदर्भित करती हैं। इसमें वैदिक विज्ञान, प्राचीन इंजीनियरिंग, पारंपरिक चिकित्सा और दार्शनिक ग्रंथ जैसे क्षेत्र शामिल हैं।

विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) छात्रों को भारत की बौद्धिक विरासत और मूल्यों से परिचित कराने के अपने प्रयासों के तहत अकादमिक पाठ्यक्रम में आईकेटी को शामिल करने की वकालत कर रहा है। सूत्र ने कहा कि जेएनयू में इंजीनियरिंग के छात्र इंजीनियरिंग की पारंपरिक प्रथाओं का अध्ययन करेंगे, जबकि प्रबंधन के छात्र नए पाठ्यक्रम के तहत प्राचीन आर्थिक और प्रशासनिक प्रणालियों का अध्ययन करेंगे।

उन्होंने कहा कि जेएनयू के स्कूल और केंद्र अपने विषयों के अनुरूप पाठ्यक्रम तैयार करेंगे, जिससे विभिन्न शैक्षणिक पृष्ठभूमि वाले छात्रों के लिए प्रासंगिकता सुनिश्चित होगी। विश्वविद्यालय ने पिछले महीने एक बैठक के दौरान इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। साथ ही सभी स्कूलों से पाठ्यक्रम को अंतिम रूप देने के लिए अपने सुझाव देने को कहा है।

सूत्रों के अनुसार, इसे अगले शैक्षणिक सत्र से शुरू किया जा सकता है। यह छात्रों के अध्ययन के मुख्य क्षेत्रों के साथ एक वैकल्पिक पाठ्यक्रम के रूप में उपलब्ध होगा। यूजीसी की सिफारिशों के अनुसार, स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर पर एक छात्र के कुल क्रेडिट का 5 प्रतिशत आईकेटी पाठ्यक्रमों के लिए दिया जाएगा।

भारत की पारंपरिक ज्ञान प्रणालियों को बढ़ावा देने के लिए, जेएनयू ने हाल ही में परिसर में हिंदू, जैन और बौद्ध अध्ययन केंद्र भी स्थापित किए हैं। जेएनयू में 13 स्कूल हैं, जिनमें से प्रत्येक में विशिष्ट शैक्षणिक विषयों के लिए समर्पित कई केंद्र हैं। इन स्कूलों में 38 केंद्र हैं। इसके अलावा विश्वविद्यालय ने अपनी शैक्षणिक स्तर को और बेहतर बनाने के लिए 8 विशेष केंद्र स्थापित किए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *