बहराइच में दुर्गा मूर्ति विर्सजन के दौरान हुए बवाल और उसके बाद रामगोपाल मिश्रा की हत्या के आरोप में पकड़े गए सभी छह आरोपियों को अदालत ने 14 दिनों के लिए जेल भेज दिया है। एक दिन पहले एनकाउंटर में घायल सरफराज और तालिब समेत पांचों आरोपियों को शुक्रवार की सुबह भारी सुरक्षा के बीच सीजेएम के घर पर पेश किया गया। बंद वाहनों से आरोपी जज के आवास पर लाए गए।
बहराइच के हरदी थाने के महराजगंज में 13 अक्टूबर को भड़के बवाल के बीच छत पर चढ़े रामगोपाल की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसमें अब्दुल हमीद, सरफराज, मोहम्मद तालिब उर्फ सबलू, फहीम समेत छह नामजद व चार अज्ञात लोगों पर केस दर्ज किया गया था। फरार चल रहे हत्यारोपितों की गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ की टीमें लगाई गई थी। गुरुवार को नेपाल भागते समय पांचों आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था।
बताया जाता है कि असलहा बरामदगी के दौरान सरफराज व मोहम्मद तालीम ने पुलिस पर ही बन्दूक तान दिया। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी थी। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार की सुबह ही जिला अस्पताल में भर्ती दोनों घायल व तीन अन्य को भी सीजेएम आवास पर रिमांड के लिए ले जाया गया है।