20 अक्टूबर को पड़ने वाले करवा चौथ को लेकर महिलाएं अभी से तैयारियों में जुट गई हैं। करवा चौथ की शॉपिंग के चलते बाजारों में भी इन दिनों काफी रौनक है। कपड़े से लेकर चूड़ी और साज-सिंगार तक की दुकानों पर महिलाओं की खासी भीड़ दिखाई दे रही है। लेकिन यूपी के बरेली से करवा चौथ से जुड़ी एक खबर ने लोगों को हैरत में डाल दिया। यहां एक महिला ने अपने पति से करवा चौथ की शॉपिंग के लिए 50 हजार रुपये की डिमांड की थी। शॉपिंग के लिए इतने सारी पैसे की डिमांड सुनकर पति भी दंग रह गया। पति ने पैसे देने से मना कर दिया तो पत्नी आग बबूला हो गई। आपा खोते हुए पत्नी ने ईंट से अपने पति का सिर फोड़ दिया। घायल पति रात में जिला अस्पताल पहुंचा और उसका उपचार हुआ। पति ने देर रात इज्जतनगर थाने में तहरीर देकर पत्नी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
अहलादपुर निवासी हरीश कुमार ने इज्जतनगर थाने में पत्नी के खिलाफ लिखित शिकायत की है। उसके मुताबिक, पहली पत्नी की मौत के बाद उसने तीन साल पहले दूसरी शादी की थी। बीते मंगलवार को जब वह घर आया तो पत्नी ने 50 हजार रुपये मांगे और कहा कि उसे करवाचौथ के लिए शॉपिंग करनी है। इतना सुनते ही पति दंग रह गया और 50 हजार रुपये नहीं होने की बात कही। पति ने रुपये देने से मना कर दिया। फिर क्या था दोनों के बीच झगड़ा शुरू हो गया। विवाद बढ़कर हाथापाई तक जा पहुंचा। देखते ही देखते पत्नी ने आपा खो दिया।
आरोप है कि पत्नी ने ईंट मारकर उसका सिर फोड़ दिया। जिससे वह बुरी तरह से घायल हो गया। सिर फटने के बाद हरीश घायल हालत में रात में ही जिला अस्पताल की इमरजेंसी पहुंचा। उसका प्राथमिक उपचार हुआ। उसके बाद उसने इज्जतनगर थाने में तहरीर दी और पत्नी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।