Balodabazar Road Accident: छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले में आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया।बेमेतरा से बाबा गुरु घासीदास की नगरी ‘गिरौदपुरी धाम’ दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरी एक माजदा गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। इस भयानक हादसे में महिलाओं और बच्चों समेत कुल 27 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार गूंज उठी।

कैसे हुआ हादसा?
मिली जानकारी के मुताबिक, यह पूरी घटना कसडोल थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे-130बी पर हुई है। बेमेतरा जिले के मुरकुटा (नांदघाट) गांव से 30 से अधिक श्रद्धालु एक माजदा वाहन में सवार होकर गिरौदपुरी धाम के लिए निकले थे।
गुरुवार सुबह जैसे ही गाड़ी कसडोल के सेल और छांछी गांव के बीच एक तीखे मोड़ के पास पहुँची, तभी ड्राइवर ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। देखते ही देखते श्रद्धालुओं से भरी गाड़ी सड़क पर पलट गई। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि गाड़ी में सवार लगभग सभी लोग चोटिल हो गए।
फरिश्ता बनकर आया राहगीर
हादसे के तुरंत बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस दौरान अमजद खान नाम के एक शख्स ने दरियादिली दिखाते हुए बड़ी मदद की। उन्होंने अपनी गाड़ी की मदद से कई घायलों को तुरंत कसडोल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया।
वहीं, सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग पुलिस और कसडोल थाना की टीम तुरंत मौके पर पहुँची। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से बाकी घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
दो महिलाओं की हालत गंभीर
परिजनों के साथ यात्रा कर रहे देवचरण जांगड़े ने बताया कि वे सभी दर्शन के लिए जा रहे थे तभी यह अनहोनी हो गई। डॉक्टरों के अनुसार, गनीमत यह है कि ज्यादातर लोग खतरे से बाहर हैं। हालांकि, हादसे में दो महिलाओं के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं, जिनकी नाज़ुक हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया है। फिलहाल, कसडोल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हादसा ड्राइवर की झपकी की वजह से हुआ या गाड़ी की तेज रफ्तार के कारण।