रायपुर: कांग्रेस पार्टी के प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत के तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे और ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा के वरिष्ठ विधायक और पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने इस अभियान पर तीखा तंज कसते हुए कहा है कि कांग्रेस को इस अभियान का नाम बदलकर ‘कांग्रेस बचाओ’ कर देना चाहिए।
संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप और अस्तित्व की लड़ाई
अजय चंद्राकर ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि ‘वोट चोरी, वोट बचाओ’ का यह नारा सीधे तौर पर देश की संवैधानिक संस्थाओं पर बेबुनियाद आरोप है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आज कांग्रेस के पास अपनी राजनीतिक जमीन और वजूद को बचाने के लिए कोई भी जनहित का ठोस मुद्दा नहीं बचा है। चंद्राकर ने सुखदेव भगत की राजनीतिक क्षमता पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें पहले यह बताना चाहिए कि उनके अपने राज्य झारखंड में कांग्रेस पार्टी कितने लंबे समय से सत्ता से बाहर चल रही है।
कांग्रेस के ‘मौसम विभाग’ वाले बयान पर पलटवार
जनजाति गौरव दिवस के कार्यक्रम में भाजपा नेता नितिन नबीन के न पहुंचने पर कांग्रेस ने सरकार और पार्टी पर जनता के डर का आरोप लगाया था। इस पर पलटवार करते हुए अजय चंद्राकर ने चुटकी लेते हुए कहा:
“क्या कांग्रेस कार्यालय कोई मौसम विभाग का दफ्तर है? कांग्रेस के इन नेताओं को मौसम विभाग में संविदा पर नौकरी पर रख देना चाहिए, क्योंकि इन्हें मौसम की बड़ी सटीक जानकारी है। सच्चाई यह है कि खराब मौसम की वजह से राष्ट्रीय अध्यक्ष उस दौरान नहीं आ पाए थे।”
बस्तर से सीआरपीएफ बटालियन हटाने पर क्या बोले अजय चंद्राकर?
छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग से सीआरपीएफ की नक्सल विरोधी बटालियन को हटाए जाने के फैसले पर पूर्व मंत्री ने स्पष्ट किया कि अब बस्तर में केवल डीमाइनिंग का अंतिम चरण का काम बचा है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति पूरी तरह बहाल हो चुकी है, जिसके कारण अब बटालियन वापस लौट रही हैं। हालात सुधरने की वजह से ही नेताओं की सुरक्षा में भी कटौती की गई है। उन्होंने जोर देकर कहा कि अब बस्तर में विकास कार्यों को तेजी से धरातल पर उतारना ही सरकार का मुख्य लक्ष्य है।