बलौदाबाजार: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के गिधौरी थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। घटमड़वा नाला बांधा में मिले 19 वर्षीय युवक के शव की गुत्थी को पुलिस ने महज कुछ घंटों के भीतर ही सुलझा लिया है। इस मामले में पुलिस ने गांव के ही एक अन्य युवक को गिरफ्तार किया है, जिसने रोंगटे खड़े कर देने वाले खुलासे किए हैं।
क्या है पूरा मामला?
घटना गिधौरी थाना क्षेत्र के घटमड़वा नाला बांधा की है। यहां 14 नवंबर की सुबह लगभग 10:45 बजे पानी में एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकलवाया।
मृतक की पहचान ग्राम गिधौरी निवासी 19 वर्षीय आदित्य टंडन के रूप में हुई। मृतक के सिर और माथे पर गंभीर चोट के गहरे निशान थे, जिसे देखकर पुलिस ने पहले ही दिन स्पष्ट कर दिया था कि मामला सामान्य मौत का नहीं बल्कि हत्या का है।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से खुला राज
अंधे कत्ल की इस गुत्थी को सुलझाने के लिए पुलिस ने फौरन एक्शन लेते हुए घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए और स्थानीय लोगों से पूछताछ की।
जांच के दौरान पुलिस को एक अहम सुराग मिला, जिससे पता चला कि घटना से एक दिन पहले यानी 13 नवंबर की दोपहर को मृतक आदित्य टंडन को आरोपी किशन साहू के साथ घटमड़वा एनीकट की तरफ जाते हुए देखा गया था। उस वक्त आरोपी किशन के हाथ में फावड़े जैसा औजार भी दिखाई दिया था।
आरोपी ने पूछताछ में कबूला जुर्म
इस अहम सुराग और पुख्ता तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध किशन साहू को हिरासत में लिया और कड़ाई से पूछताछ की। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
आरोपी किशन साहू ने बताया कि उसे शक था कि आदित्य उसकी बहन पर गलत नीयत रखता है। इसके अलावा, आरोपी की शारीरिक बनावट को लेकर आदित्य उसे अक्सर ‘काला और कुरूप’ कहकर अपमानित करता था। इन दोनों बातों को लेकर आरोपी के मन में गहरी नाराजगी और खुन्नस भरी हुई थी। इसी रंजिश के चलते उसने आवेश में आकर आदित्य पर लोहे के फावड़े से सिर, माथे और आंख के पास ताबड़तोड़ कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने साक्ष्य छुपाने के लिए शव को पानी में फेंक दिया था।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी किशन साहू के मेमोरेंडम कथन के आधार पर हत्या में इस्तेमाल किया गया लोहे का फावड़ा और मृतक का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है।
इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 239/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत केस दर्ज कर आरोपी को 15 नवंबर को ही गिरफ्तार कर लिया। मामूली विवाद, शक और अपमान के चलते एक 19 वर्षीय युवक की जान जाने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है, वहीं पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना भी हो रही है।