ईरानी सिंगर परस्तू अहमदी मामला: बिना हिजाब 27 मिनट के ऑनलाइन कॉन्सर्ट पर 74 कोड़े की सजा, जानिए कौन हैं यह गायिका

ईरानी सिंगर परस्तू अहमदी मामला इन दिनों अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में बना हुआ है। ईरान की चर्चित गायिका परस्तू अहमदी (Parastoo Ahmadi) और उनकी टीम के चार सदस्यों को बिना हिजाब सार्वजनिक रूप से ऑनलाइन कॉन्सर्ट करने के आरोप में 74-74 कोड़े मारने की सजा सुनाई गई है। अदालत के इस फैसले के साथ ही उन पर दो साल तक किसी भी संगीतमय कार्यक्रम में भाग लेने और देश छोड़ने पर भी पाबंदी लगाई गई है।

कौन हैं परस्तू अहमदी?

29 वर्षीय परस्तू अहमदी का जन्म ईरान के माजंदरान प्रांत में हुआ था। उन्होंने फिल्म निर्देशन की पढ़ाई की और इसके बाद संगीत जगत में अपनी एक अलग पहचान बनाई। साल 2022 में ईरान में अनिवार्य हिजाब और महिलाओं पर लगी पाबंदियों के खिलाफ हुए बड़े आंदोलनों के दौरान भी वे काफी चर्चा में रही थीं। उस समय उन्होंने अपने गीतों और बयानों के माध्यम से महिलाओं की स्वतंत्रता और अभिव्यक्ति के अधिकार का समर्थन किया था।

क्यों सुनाई गई 74 कोड़े मारने की सजा?

यह पूरा विवाद दिसंबर 2024 से जुड़ा है, जब परस्तू अहमदी ने बिना हिजाब पहने अपने यूट्यूब चैनल पर एक लाइव वर्चुअल कॉन्सर्ट प्रसारित किया था। करीब 27 मिनट लंबे इस वीडियो में वे काले रंग की स्लीवलेस ड्रेस पहनकर चार संगीतकारों के साथ प्रस्तुति देती दिखाई दी थीं। इस दौरान उन्होंने ईरान का प्रसिद्ध देशभक्ति गीत “अज खूने जवानाने वतन” (मातृभूमि के युवाओं के खून से) गाया था।

30 लाख से ज्यादा बार देखा गया था वीडियो

जानकारी के मुताबिक, इस कॉन्सर्ट की रिकॉर्डिंग कुम शहर के पास एक ऐतिहासिक स्थल पर की गई थी, जहां कोई दर्शक मौजूद नहीं था। इसके बावजूद बिना हिजाब गाना गाने का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और यूट्यूब पर इसे 30 लाख से अधिक बार देखा गया।

कोम की अदालत ने सुनाया फैसला, अपीलीय अदालत ने रखा बरकरार

ईरानी प्रशासन ने इस प्रस्तुति को देश के कानून और धार्मिक नियमों का उल्लंघन मानते हुए परस्तू अहमदी और उनकी टीम के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। जून 2026 में कोम शहर की अदालत ने उन्हें सार्वजनिक शालीनता के नियम तोड़ने और अश्लील सामग्री प्रसारित करने का दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई।

सितंबर में अपीलीय अदालत ने भी निचली अदालत के निर्णय को बरकरार रखा। इसके तहत परस्तू अहमदी और उनकी बैंड व प्रोडक्शन टीम के सदस्यों को 74-74 कोड़े मारने की सजा के साथ-साथ दो साल तक किसी भी सिंगिंग इवेंट में हिस्सा लेने और ईरान से बाहर यात्रा करने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।

गौरतलब है कि ईरान में महिलाओं के लिए सार्वजनिक स्थानों पर हिजाब पहनने के कड़े कानून लागू हैं। साल 2022 के विरोध प्रदर्शनों के समर्थन में गाने गाए जाने के बाद भी सुरक्षा एजेंसियों ने परस्तू अहमदी से पूछताछ की थी और उनके आवास की तलाशी ली थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *