गरियाबंद: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के धार्मिक नगरी राजिम से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ पैरी नदी पर बने एनीकेट के बीचों-बीच दो अज्ञात शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। शुरुआती अनुमान लगाया जा रहा है कि ये दोनों शव हाल ही में हुई बारिश के दौरान बाढ़ के पानी में बहकर यहाँ पहुँचे होंगे।
एनीकेट के पास दिखे शव, पुलिस मौके पर पहुंची
स्थानीय लोगों की नजर जब एनीकेट के बीच फँसे शवों पर पड़ी, तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। खबर मिलते ही स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम तुरंत मौके पर पहुँची। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों शवों को पानी से बाहर निकाला और अपने कब्जे में लिया।
अभी तक नहीं हो पाई है शिनाख्त
पुलिस प्रशासन के अनुसार, बरामद किए गए दोनों शवों की पहचान (शिनाख्त) अभी तक नहीं हो सकी है। मृतकों के बारे में जानकारी जुटाने के आसपास के थानों में भी संपर्क किया जा रहा है। फिलहाल, पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर आगे की गहराई से छानबीन शुरू कर दी है।