बिलासपुर: छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। शहर में एक तरफ जहां सार्वजनिक जगहों पर शराब पीने वालों के खिलाफ पुलिस लगातार सख्ती बरत रही है, वहीं दूसरी तरफ सोशल मीडिया पर कुछ लड़कियों के ऐसे वीडियो वायरल हो रहे हैं जिन्होंने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इंटरनेट पर युवतियों के शराबखोरी करने और हाथ में धारदार हथियार लहराने के दो अलग-अलग वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं।
सोशल मीडिया पर तेजी से फैले दोनों वीडियो
सामने आए वायरल वीडियो में से एक क्लिप में दो लड़कियां सड़क के किनारे अपनी स्कूटी के पास बैठकर खुलेआम शराब का सेवन करती हुई नजर आ रही हैं। वहीं, दूसरे वायरल वीडियो में एक अन्य लड़की हाथ में खतरनाक चाकू लेकर उसे हवा में लहराते हुए दिखाई दे रही है। यह दोनों वीडियो सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर जमकर शेयर किए जा रहे हैं।
पुलिस प्रशासन ने लिया संज्ञान, जांच जारी
सार्वजनिक स्थान पर इस तरह की गैर-कानूनी और बेखौफ हरकतों के वीडियो सामने आने के बाद बिलासपुर पुलिस हरकत में आ गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो की सत्यता की बारीकी से जांच की जा रही है। वीडियो में दिख रही युवतियों की पहचान की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।