छत्तीसगढ़ के किसानों को सीएम साय का बड़ा दिलासा: बोले- ‘बाढ़ से हुए फसल नुकसान का होगा सर्वे, मिलेगा पूरा मुआवजा’

रायपुर: छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और बाढ़ जैसे हालातों के बीच मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संकट से जूझ रहे अन्नदाताओं को बड़ी राहत और ढांढस बंधाया है। मीडिया से चर्चा के दौरान सीएम साय ने स्पष्ट किया कि बारिश और बाढ़ की वजह से किसानों की बर्बाद हुई फसलों का सर्वे कराया जाएगा। नुकसान का पूरा आकलन करने के बाद प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिया जाएगा।

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे मुख्यमंत्री

सुकमा जिले के दौरे पर रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश के चलते बाढ़ जैसे हालात बने हैं। सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

उन्होंने बताया कि वे खुद बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने जा रहे हैं, जहां वे सीधे आम नागरिकों और पीड़ित परिवारों से मुलाकात करेंगे। इस आपदा में जिन लोगों के मकान और फसलें उजड़ गई हैं, सरकार उनके नुकसान की भरपाई के लिए हरसंभव कदम उठाएगी।

सिंगापुर दौरे पर क्या बोले सीएम साय?

मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने अपने आगामी विदेश दौरे को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में नई उद्योग नीति (New Industrial Policy) लागू होने के बाद देश और विदेश में इन्वेस्टर मीट (Investor Meet) का आयोजन किया जा रहा है।

इसी कड़ी में वे आगामी 4, 5 और 6 अक्टूबर को सिंगापुर के आधिकारिक प्रवास पर रहेंगे, जहां वे वैश्विक निवेशकों को छत्तीसगढ़ में उद्योग लगाने के लिए आमंत्रित करेंगे और राज्य में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *