कवर्धा/कबीरधाम: छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। लोहारा वन परिक्षेत्र के कुटकिपारा गांव में जंगल गए एक ग्रामीण का अचानक खूंखार तेंदुए से आमना-सामना हो गया। तेंदुए ने ग्रामीण पर हमला कर दिया, लेकिन अपनी सूझबूझ और हिम्मत दिखाते हुए ग्रामीण ने टांगिया से वार कर अपनी जान बचा ली। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
लकड़ी बीनने गया था ग्रामीण
मिली जानकारी के अनुसार, घायल ग्रामीण की पहचान कुटकिपारा निवासी टेकराम ध्रुव के रूप में हुई है। शनिवार की शाम वह अपने घरेलू इस्तेमाल के लिए पास के ही जंगल में लकड़ी लेने गया था। जब वह जंगल में लकड़ियां इकट्ठी कर रहा था, तभी अचानक झाड़ियों से निकलकर एक तेंदुआ उसके सामने आ गया। तेंदुए को देखते ही उसने भागने की कोशिश की, लेकिन वन्यजीव ने उस पर हमला कर दिया।
टांगिया से मुकाबला कर बचाई जान
तेंदुए के अचानक हमले से घबराने के बजाय टेकराम ने बहादुरी दिखाई। बचाव के लिए उसने अपने पास रखे टांगिया (कुल्हाड़ी) से तेंदुए पर जोरदार वार कर दिया। अचानक हुए इस प्रहार से तेंदुआ डर गया और वहां से दुम दबाकर भाग निकला। हालांकि, इस संघर्ष के दौरान तेंदुए के तेज नाखूनों और दांतों के हमले से ग्रामीण के हाथ और कंधे पर गंभीर घाव हो गए हैं। किसी तरह अपनी जान बचाकर वह अपने घर पहुंचा और परिजनों को आपबीती सुनाई। परिवार के लोग उसे तुरंत लोहारा उपस्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है।
शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक तेंदुए का खौफ
कवर्धा जिले में पिछले कुछ दिनों से तेंदुओं की आवाजाही लगातार बढ़ रही है। हाल ही में कवर्धा शहर के भीतर भी तेंदुए का एक वीडियो सामने आने के बाद से लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। लगातार मिल रही इन सूचनाओं के बाद वन विभाग भी अलर्ट मोड पर आ गया है।
वन विभाग की टीमें लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही हैं और तेंदुए की तलाश में जुटी हैं। सुरक्षा के लिहाज से रात के समय प्रभावित इलाकों में पिंजरे लगाए गए हैं और ड्रोन कैमरों की मदद से तेंदुए की हर गतिविधि पर बारीक नजर रखी जा रही है, ताकि किसी बड़ी अनहोनी को टाला जा सके।