जगदलपुर/बीजापुर: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले से एक बड़ी और दुखद खबर सामने आ रही है। बीजापुर से रायपुर और दुर्ग की ओर जा रही ‘मनीष ट्रेवलर्स’ की एक यात्री बस भैरमगढ़ के पास अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस भीषण सड़क हादसे में 5 लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की खबर है, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बांगापाल के पास हुआ हादसा
यह पूरी दुर्घटना नेलसनार थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बांगापाल इलाके के पास हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, बस तेज गति से बीजापुर से रायपुर की तरफ आ रही थी, तभी रास्ते में ड्राइवर ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और बस पलट गई। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
घायलों को भेजा गया अस्पताल, डॉक्टरों की टीम अलर्ट
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला और स्थानीय लोग एक्टिव हो गए। गंभीर रूप से घायल 5 लोगों को फौरन नजदीकी नेलसनार अस्पताल पहुंचाया गया है।
भैरमगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (BMO) डॉ. रमेश तिग्गा ने जानकारी देते हुए बताया कि घायलों को नेलसनार अस्पताल ले जाया गया है। इसके अलावा भैरमगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भी आपातकालीन इलाज के लिए पूरी तैयारियां कर ली गई हैं। जैसे ही अन्य घायल या मरीज यहां पहुंचेंगे, उनका तत्काल और बेहतर उपचार शुरू किया जाएगा।