छत्तीसगढ़: राज्य के दो अलग-अलग जिलों में सोमवार देर रात भीषण सड़क हादसे होने की खबर सामने आई है। कोरबा जिले में तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक साइकिल सवार की दर्दनाक मौत हो गई, वहीं राजिम में सीमेंट से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे पलट गया। इन घटनाओं के बाद से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस दोनों मामलों की गंभीरता से जांच कर रही है।
1. कोरबा: अज्ञात कार ने साइकिल सवार को मारी जोरदार टक्कर, मौके पर मौत; गुस्साई भीड़ ने किया चक्काजाम
कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खेरभावना के पास सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार अज्ञात कार ने साइकिल सवार को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद आरोपी चालक कार समेत मौके से फरार हो गया।
मृतक की पहचान: पुलिस के अनुसार हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान ग्राम कनबेरी निवासी 47 वर्षीय सुरेंद्र सिंह कंवर के रूप में हुई है। सुरेंद्र सिंह किसी काम से साइकिल पर कोरबा गए थे और देर रात अपने घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। गंभीर चोटें आने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों का फूटा गुस्सा (चक्काजाम): इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर करीब दो घंटे तक चक्काजाम कर दिया। उनकी मांग थी कि सड़क पर जल्द से जल्द स्ट्रीट लाइट लगाई जाए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। प्रशासन की ओर से मृतक के परिवार को तत्काल 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता राशि दी गई है। पुलिस फरार कार और उसके ड्राइवर की तलाश में जुटी है।
2. राजिम: फिंगेश्वर-महासमुंद मार्ग पर सीमेंट से भरा ट्रक पलटा, ड्राइवर फरार
दूसरी घटना राजिम इलाके की है। फिंगेश्वर-महासमुंद मुख्य मार्ग पर ग्राम भेंद्ररी स्थित एक पुलिया के पास सोमवार देर रात सीमेंट से भारी ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिया की बदहाली पर उठे सवाल: स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि फिंगेश्वर-महासमुंद मार्ग पर स्थित इस पुलिया में रेलिंग न होने के कारण यहां हमेशा बड़ा खतरा बना रहता है। इससे पहले भी यहां कई बार वाहन नीचे गिर चुके हैं। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। फिंगेश्वर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक को कब्जे में ले लिया है और फरार ड्राइवर की तलाश की जा रही है।