रायपुर: नवा रायपुर के मेफेयर लेक रिजॉर्ट में ‘क्रिटिकल एवं स्ट्रेटेजिक मिनरल ब्लॉक्स’ की नीलामी को लेकर एक भव्य रोड शो का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि आज के दौर में सोने-चांदी से कहीं अधिक महत्वपूर्ण ये रणनीतिक खनिज (Critical Minerals) बन चुके हैं, जो देश के रक्षा और औद्योगिक क्षेत्रों को आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे।
रक्षा क्षेत्र के लिए उठाए गए बड़े कदम
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मीडिया से चर्चा करते हुए स्पष्ट किया कि देश के रक्षा और तकनीकी क्षेत्रों में इन मिनरल्स की बढ़ती मांग और उपयोग को देखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार ने महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। इसके तहत राज्य में खनिज ब्लॉकों की नीलामी प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है, जिससे न केवल औद्योगिक विकास को गति मिलेगी बल्कि देश की सुरक्षा प्रणाली को भी मजबूती मिलेगी।
‘टिन पोर्टल’ और ‘ई रेत सांगवारी पोर्टल’ का शुभारंभ
इस कार्यक्रम की एक और बड़ी विशेषता यह रही कि इस दौरान पारदर्शी कामकाज और डिजिटल व्यवस्थाओं को बढ़ावा देने के लिए दो महत्वपूर्ण पोर्टलों—‘टिन पोर्टल’ और ‘ई रेत सांगवारी पोर्टल’ का आधिकारिक रूप से शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही, खनन क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण एमओयू (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए और निवेशकों के साथ तकनीकी सत्र भी संपन्न हुए, जिससे राज्य में निवेश के नए रास्ते खुलेंगे।