जगदलपुर: कचरा सेंटर की बदबू से परेशान वार्डवासियों का फूटा गुस्सा, भंगाराम चौक पर किया चक्काजाम; कांग्रेस ने उठाए सवाल

जगदलपुर: बस्तर की जिला मुख्यालय जगदलपुर में कचरा प्रबंधन की लचर व्यवस्था अब स्थानीय नागरिकों के लिए बड़ी मुसीबत बन गई है। शहर के सिविल लाइन वार्ड स्थित भंगाराम चौक के पास संचालित एसएलआरएम (SLRM) सेंटर से उठने वाली भीषण बदबू और अव्यवस्थाओं से परेशान होकर आखिरकार रहवासियों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा। कई बार प्रशासनिक अधिकारियों और नगर निगम में गुहार लगाने के बाद भी सुनवाई न होने पर आक्रोशित लोगों ने मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया।

शहर के बीच चल रहे कचरा सेंटरों को शिफ्ट करने की उठी मांग

प्रदर्शन के दौरान स्थानीय रहवासियों के साथ कांग्रेस नेता भी सड़क पर उतरे और निगम प्रशासन व महापौर की कार्यप्रणाली के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुशील मौर्य ने इसे नगर निगम की साफ नाकामी करार दिया। उन्होंने मांग की कि शहर के घनी आबादी वाले इलाकों के बीच चलाए जा रहे इन कचरा सेंटरों को तुरंत सुरक्षित और दूरदराज की जगहों पर शिफ्ट किया जाए।

नेता प्रतिपक्ष ने उठाई बुनियादी समस्याओं की आवाज

नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी ने भी इस प्रदर्शन में मोर्चा संभालते हुए कचरा सेंटर की बदबू के अलावा वार्ड की अन्य बुनियादी समस्याओं को लेकर निगम प्रशासन को घेरा। उन्होंने कहा कि वार्ड में न सिर्फ कचरे से जीना मुहाल हो गया है, बल्कि पेयजल आपूर्ति, राशन और वृद्धावस्था पेंशन जैसी जरूरी सुविधाएं भी चरमरा गई हैं।

कांग्रेस का आरोप है कि एसएलआरएम सेंटर से निकलने वाली सड़न और बदबू का सीधा और घातक असर आसपास के घरों में रहने वाले आम नागरिकों और वहां स्थित आंगनबाड़ी में पढ़ने वाले छोटे-छोटे मासूम बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि उन्होंने इस समस्या को लेकर निगम, महापौर से लेकर जिला कलेक्टर तक कई बार लिखित शिकायतें और आवेदन दिए, लेकिन नतीजा सिफर रहा।

प्रशासन को चेतावनी: आंदोलन होगा और तेज

कांग्रेस नेताओं और स्थानीय निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकाला गया, तो यह विरोध प्रदर्शन और उग्र रूप लेगा। उन्होंने मांग की कि न केवल सिविल लाइन वार्ड, बल्कि शहर के अन्य हिस्सों जैसे रेलवे कॉलोनी, धरमपुरा और नया मुंडा समेत रिहायशी इलाकों में चल रहे सभी कचरा सेंटरों को तत्काल आबादी से दूर स्थापित किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *