जमीन बेचने का विवाद बना खूनी खेल: कलयुगी बेटे ने की पिता की हत्या, दो दिन पहले घर में मिली थी संदिग्ध लाश; आरोपी गिरफ्तार

मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर: छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले के मनेंद्रगढ़ थाना क्षेत्र से एक बेहद दहला देने वाली घटना सामने आई है। जमीन बेचने के विवाद को लेकर एक बेटे ने अपने ही पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

दो दिन पहले संदिग्ध हालत में मिली थी लाश

पुलिस से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, 8 अक्टूबर 2026 को मनेंद्रगढ़ के लालपुर क्षेत्र में 65 वर्षीय ऋषि कुमार सूर्यवंशी अपने घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्राथमिक जांच में बुजुर्ग के शरीर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने FSL (फॉरेसिंक साइंस लैबोरेटरी) टीम को मौके पर बुलाया और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कराया। इसके साथ ही आसपास के लोगों और गवाहों के बयान दर्ज कर साक्ष्यों की तलाश शुरू कर दी गई।

पानी के पाइप से की थी बेदम पिटाई

पुलिस की गहन जांच में जो सच सामने आया, उसने सभी को झकझोर कर रख दिया। जांच में पता चला कि घटना से एक दिन पहले यानी 7 अक्टूबर को मृतक के बेटे रवि कुमार सूर्यवंशी ने अपनी पैतृक जमीन बेचने के लिए पिता पर लगातार दबाव बनाया था।

जब पिता ने जमीन बेचने से इनकार किया, तो आरोपी बेटा आगबबुला हो गया। गुस्से में आकर उसने पानी के प्लास्टिक या लोहे के पाइप से अपने ही पिता के साथ जमकर मारपीट की। इस क्रूरतापूर्ण पिटाई से बुजुर्ग पिता के शरीर के अंदरूनी हिस्सों में गंभीर चोटें आईं, जिसके कारण कुछ ही समय में उनकी मौत हो गई।

पुलिस ने आरोपी बेटे को दबोचा

शक के आधार पर पुलिस ने मृतक के बेटे रवि कुमार सूर्यवंशी (उम्र 27 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 06, लालपुर, मनेंद्रगढ़) को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की। पुलिस की पूछताछ के आगे आरोपी ज्यादा देर टिक नहीं सका और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक (SP) रत्ना सिंह के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) अनिल विश्वकर्मा के निर्देशन में की गई। इस हाई-प्रोफाइल मर्डर केस को सुलझाने में थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक पाटले और उनकी पूरी पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। मनेंद्रगढ़ कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *