जशपुर: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में दीपावली के पावन पर्व के दिन एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां नेशनल हाईवे-43 पर यात्रियों से भरी एक तेज रफ्तार बस और ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, गनीमत यह रही कि बस में सवार सभी यात्री बाल-बाल बच गए।
एनएच-43 पर हुआ हादसा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक सड़क हादसा रविवार सुबह करीब 5 बजे कुनकुरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सलियाटोली के पास हुआ। ‘रॉयल ट्रेवलर्स’ की बस पटना से सवारियों को लेकर रायपुर की ओर आ रही थी। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई।
टल गया बड़ा हादसा, यात्रियों को आई मामूली खरोंच
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस और ट्रक दोनों के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। भीषण आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़े। हादसे के समय बस में कई यात्री सवार थे, जिन्हें शुरुआती झटकों के अलावा किसी भी गंभीर चोट की खबर नहीं है। यात्रियों के सुरक्षित बचने से एक बड़ा टल गया।
पुलिस और प्रशासन मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही कुनकुरी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। पुलिस ने मृतक ट्रक चालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।